कोरिया बैकुंठपुर। कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव द्वारा जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए सभी विभागों को निरंतर क्षेत्र में भ्रमण करने हेतु निर्देश प्रदान किए गए हैं। इस अनुक्रम में गत दिवस जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेंद्र श्रीवास ने जिले के आधा दर्जन ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। अपने भ्रमण के दौरान सीईओ योगेंद्र श्रीवास ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी सभी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं से पूर्ण कार्यों, प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण किया साथ ही हितग्राहियों से संवाद भी किया। इस दौरान जिला पंचायत में पदस्थ विभागीय योजना प्रमुख और संबंधित तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।
कचरे का सही प्रबंधन जरूरी,
बैकुंठपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत मझगंवा में उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र और ग्राम पंचायत चेरवापारा के फिकल स्लेज ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन कर इसे प्राथमिकता से आरंभ कराने के निर्देश दिए। सोनहत जनपद के ग्राम लटमा में एकत्र कचरे का उन्होंने मशीनों द्वारा जल्द प्रबंधन करने तथा सभी ग्राम पंचायतों में नियमित अंतराल से कचरे का उठाव कराए जाने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान सीईओ योगेंद्र श्रीवास ने कटगोड़ी में निर्माणाधीन फिकल स्लेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण कार्य का अवलोकन कर सरपंच और सचिव को गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए जल्द निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
आवास निर्माण पहली प्राथमिकता,
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना में जल्द निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में सोनहत जनपद में भ्रमण करते हुए सीईओ ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में आवास निर्माण कार्य का अवलोकन किया और हितग्राहियों से संवाद किया। उन्होंने लटमा, कटगोड़ी में प्रधानमंत्री आवास कार्य का अवलोकन करने के बाद सोनहत ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के हितग्राही रामकृपाल ठाकुर के मकान का अवलोकन किया। अपने नए आवास में अचानक पंहुचे जिला पंचायत सीईओ से मिलकर रामकृपाल अत्यंत प्रसन्न हुए और उन्होंने योजना का लाभ मिलने पर प्रशासन को धन्यवाद दिया।
जल्द शुरू करें महतारी सदन,
अपने निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत कोरिया ने सोनहत जनपद मुख्यालय में नव निर्मित महतारी सदन का अवलोकन किया और वहां उपस्थित ग्राम पंचायत सरपंच से पंचायत में योजनाओं की प्रगति पर बात करते हुए महतारी सदन को जल्द प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में बन रहे सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के लिए कहा।
अन्य योजनाओं में प्रगति का आंकलन,
अपने भ्रमण के दौरान मझगवा, चेरवापारा, लटमा, कैलाशपुर, कटगोड़ी, सोनहत आदि ग्राम पंचायतों में पंहुचकर सीईओ योगेंद्र श्रीवास ने विकसित भारत जी राम जी योजना में रोजगार मूलक कार्यों की स्थिति, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में कार्य की प्रगति, अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के संचालन, गोवरधन प्लांट, पंचायतों में कर वसूली की स्थिति, जल जीवन मिशन से पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर भी जानकारी प्राप्त कर संबंधित ग्राम पंचायतों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।


0 टिप्पणियाँ