श्रावण मास के प्रथम दिवस श्री श्री हनुमान मंदिर में सेवा, श्रद्धा और श्रमदान का अद्भुत संगम....... परिसर के यज्ञ स्थल के समीप बनेगी पुष्प वाटिका......



नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

 कोरिया चरचाकालरी......सावन के पवित्र श्रावण मास के प्रथम दिवस भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा से नगर पालिका शिवपुर-चर्चा क्षेत्र के मुख्य मार्ग में स्थित प्रसिद्ध एवं भव्य श्री श्री हनुमान मंदिर परिसर में निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्ष की छत ढलाई का कार्य श्रद्धा, सेवा और जनसहयोग के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने स्वयं श्रमदान कर सेवा-भाव का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। 

चरचा कालरी के मुख्य मार्ग पर स्थित श्री श्री हनुमान मंदिर वर्षों से क्षेत्रवासियों की अटूट आस्था और विश्वास का केंद्र बना हुआ है। ऐसी मान्यता है कि यहां सच्चे मन से आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की मनोकामना पूर्ण होती है। यही कारण है कि मंदिर की ख्याति लगातार बढ़ती जा रही है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।

मंदिर समिति एवं क्षेत्रवासियों के सतत सहयोग से मंदिर को भव्य और दिव्य स्वरूप प्रदान करने का कार्य निरंतर जारी है। इसी क्रम में मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कराया जा रहा है। सावन के प्रथम दिवस इस कक्ष की छत ढलाई के कार्य में नगर पालिका शिवपुर-चर्चा के अध्यक्ष अरुण जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपा विश्वकर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा, उप अभियंता आलोक चक्रधारी, वरिष्ठ पार्षद श्रीमती रामकली पाल, श्रीमती प्रियंका सिंह, श्रीमती सीमा सिमरन, शशि भूषण राय सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने श्रमदान कर निर्माण कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई।

धार्मिक मान्यता के अनुसार महाबली बजरंगबली को भगवान शिव का रुद्रावतार माना जाता है। ऐसे में भगवान भोलेनाथ को समर्पित श्रावण मास के प्रथम दिन मंदिर परिसर में सेवा और जनसहयोग का यह पुण्य कार्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है। उपस्थित श्रद्धालुओं ने इसे भगवान शिव और श्री हनुमान जी की कृपा का शुभ संकेत बताते हुए क्षेत्र की धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।

मंदिर परिसर को मिलेगा हरित एवं दिव्य स्वरूप.......मंदिर समिति ने बताया कि सावन माह के प्रथम दिवस अतिरिक्त कक्ष की छत ढलाई का कार्य पूर्ण होने के बाद अब मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण का अगला चरण प्रारंभ किया जाएगा। आगामी श्रावण माह के प्रथम सोमवार को मंदिर परिसर स्थित यज्ञ स्थल के आसपास व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। परिसर में छायादार एवं पुष्पीय पौधे रोपित कर इसे आकर्षक पुष्प वाटिका के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। समिति का उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ, हरित एवं आध्यात्मिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि श्री श्री हनुमान मंदिर परिसर अपनी धार्मिक गरिमा के साथ प्राकृतिक सौंदर्य का भी अनुपम केंद्र बन सके।

श्री श्री हनुमान मंदिर आज केवल पूजा-अर्चना का स्थान ही नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा, जनसहयोग और धार्मिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बन चुका है। मंदिर समिति एवं क्षेत्रवासियों के अथक प्रयासों से मंदिर परिसर का निरंतर विस्तार एवं सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे वैदिक परंपरा एवं सेवा-भाव के साथ मंदिर के विकास कार्यों में अपना सहयोग प्रदान करें। साथ ही आगामी श्रावण के प्रथम सोमवार को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण अभियान में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पौधारोपण एवं उनके संरक्षण का संकल्प लें, जिससे यह पावन स्थल आने वाले समय में श्रद्धा, सेवा, हरियाली और आध्यात्मिक ऊर्जा का और भी भव्य एवं दिव्य केंद्र बन सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ