चरचा थाना प्रभारी आनंद सोनी बने निरीक्षक,....... पुलिस मुख्यालय रायपुर से जारी हुआ आदेश.... ... एक माह के भीतर कोरिया पुलिस के दो अधिकारियों को राजधानी रायपुर में मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी.....


नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

कोरिया चरचाकालरी..... पुलिस मुख्यालय, रायपुर (छत्तीसगढ़) द्वारा जारी आदेश के तहत प्रदेश के कई उपनिरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। इस पदोन्नति सूची में कोरिया जिले के चरचा थाना प्रभारी आनंद सोनी को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। उनकी पदोन्नति की खबर मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ चरचा नगर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

गौरतलब है कि निरीक्षक आनंद सोनी ने चरचा थाना में पदस्थापना के बाद अल्प समय में ही अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन, ईमानदारी एवं जनहितैषी कार्यशैली से आम जनता के बीच एक अलग पहचान बनाई। युवा एवं ऊर्जावान पुलिस अधिकारी के रूप में उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए।

विशेष रूप से क्षेत्र में सक्रिय अवैध कोयला कारोबार के विरुद्ध उन्होंने लगातार प्रभावी अभियान चलाते हुए कोयला माफियाओं पर सख्त शिकंजा कसा। उनकी कार्रवाई के बाद अवैध कोयले के कारोबार पर काफी हद तक अंकुश लगा और क्षेत्र में कानून का प्रभाव मजबूत हुआ। इसके अतिरिक्त फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों की लगातार गिरफ्तारी, साइबर अपराध एवं डिजिटल ठगी के प्रति जनजागरूकता अभियान, नशामुक्ति अभियान, सामुदायिक पुलिसिंग तथा सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में सक्रिय सहभागिता के कारण वे जनता के बीच एक लोकप्रिय एवं मिलनसार अधिकारी के रूप में स्थापित हुए।

चरचा थाना में उनके कार्यकाल के दौरान पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ, जिसका सकारात्मक प्रभाव क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था पर भी देखने को मिला। यही कारण है कि उनकी पदोन्नति को उनके उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान माना जा रहा है।

आनंद सोनी की पदोन्नति के साथ ही कोरिया जिले के लिए यह भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। एक माह के भीतर कोरिया जिले के पुलिस विभाग के दो अधिकारियों को राजधानी रायपुर में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। इससे पूर्व जिले के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे को पदोन्नत करते हुए सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) के पद पर राजधानी रायपुर में पदस्थ किया गया था। अब निरीक्षक पद पर पदोन्नत होने के बाद आनंद सोनी भी राजधानी रायपुर में अपनी सेवाएं देंगे।पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रवासियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि निरीक्षक के रूप में भी आनंद सोनी अपनी कर्तव्यनिष्ठा, निष्पक्ष कार्यशैली एवं जनसेवा की भावना के साथ पुलिस विभाग की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे तथा राजधानी रायपुर में भी अपनी उत्कृष्ट सेवाओं से कोरिया जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ