चलो छुरीगढ़ धाम चलो, छुरीगढ़ धाम — सावन के तीसरे सोमवार पर निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा


कोरिया बैकुंठपुर। सावन के पावन महीने में भगवान भोलेनाथ की आराधना और जलाभिषेक का विशेष महत्व माना जाता है। इसी धार्मिक आस्था एवं श्रद्धा को लेकर सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर देवरहा बाबा सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। कांवड़ यात्रा प्रेमाबाग स्थित शिव मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर बेलों के बाग छुरी पहाड़ में विराजमान भगवान श्री भूतभावन भोलेनाथ के दरबार तक पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव का पवित्र जल से जलाभिषेक किया जाएगा।

आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं एवं शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में कांवड़ यात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। कांवड़ यात्रा में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालुओं से कहा गया है कि वे प्रातः 8 बजे प्रेमाबाग मंदिर प्रांगण में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।

सावन सोमवार को लेकर शिवभक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की भक्ति में कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल होंगे और छुरी पहाड़ पहुंचकर भगवान भूतभावन महादेव का विधि-विधान से जलाभिषेक करेंगे। यात्रा के दौरान हर-हर महादेव, बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय होने की उम्मीद है।

देवरहा बाबा सेवा समिति के शैलेश शिवहरे ने कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए श्रद्धालुओं से अनुशासन एवं धार्मिक मर्यादा के साथ यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया है। समिति ने कहा कि सावन के तीसरे सोमवार पर आयोजित यह कांवड़ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश भी देगी।

समिति ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया—“चलो छुरीगढ़ धाम, चलो छुरीगढ़ धाम… भोलेनाथ के दरबार में जल चढ़ाने चलो।”

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ