कोरिया बैकुंठपुर । भगवान भोलेनाथ की आराधना के पावन सावन माह में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना हुआ है। इसी क्रम में सावन के तीसरे सोमवार, 17 अगस्त को जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के भवानी तिगड़ा स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में पीपल पेड़ के नीचे विशाल भोग भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। दुर्गा पूजा समिति भवानी तिगड़ा के सभी छोटे-बड़े एवं सक्रिय सदस्यों द्वारा आयोजित इस भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
दुर्गा पूजा समिति के सदस्य तथा गौ रक्षा समिति के प्रमुख अनुराग दुबे ने बताया कि सावन का प्रत्येक सोमवार भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इसी धार्मिक भावना के साथ समिति द्वारा सावन के प्रत्येक सोमवार को दुर्गा मंदिर परिसर में भोग-भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। सावन के तीसरे सोमवार को आयोजित होने वाले विशेष भंडारे में दोपहर 2 बजे से प्रसाद एवं भोग का वितरण प्रारंभ किया जाएगा।
समिति की ओर से क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं एवं आसपास के सभी नागरिकों से सादर आग्रह किया गया है कि वे अपने व्यस्त समय में से समय निकालकर भंडारा स्थल पर पहुंचें और भगवान का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य के सहभागी बनें। समिति सदस्यों ने कहा कि भंडारे का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सेवा भावना को मजबूत करना है।
सावन सोमवार के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ रहने की संभावना है। समिति के सक्रिय सदस्य भंडारे की व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में जुटे हुए हैं, ताकि सभी श्रद्धालुओं को सुविधापूर्वक प्रसाद प्राप्त हो सके।
दुर्गा पूजा समिति भवानी तिगड़ा ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भोग-भंडारे का प्रसाद ग्रहण करें और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें। हर-हर महादेव!

0 टिप्पणियाँ