नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कालरी...... देश के सर्वाधिक लोकप्रिय एवं यशस्वी पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर नगर पालिका शिवपुर-चरचा के मुख्य मार्ग स्थित अटल परिसर में उनकी प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर उपस्थित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने स्वर्गीय वाजपेयी के राष्ट्र के प्रति योगदान और उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष थे, जिन्होंने अपने ओजस्वी व्यक्तित्व, प्रभावशाली वक्तृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता से देश की राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने राजनीति में सिद्धांत, शुचिता और संवेदनशीलता का उदाहरण प्रस्तुत किया।प्रधानमंत्री के रूप में स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राष्ट्र की सुरक्षा, आधारभूत संरचना, आर्थिक विकास और वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पोखरण परमाणु परीक्षण से लेकर स्वर्णिम चतुर्भुज जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं तक उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णय आज भी देश के विकास की आधारशिला के रूप में याद किए जाते हैं।
उनका जीवन यह संदेश देता है कि राष्ट्रहित सर्वोपरि रखते हुए विचारों और सिद्धांतों के साथ राजनीति की जा सकती है। उनकी कविताओं और भाषणों में राष्ट्रप्रेम, मानवीय संवेदना, लोकतंत्र और आशावाद की स्पष्ट झलक मिलती थी। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता महेश यादव, श्याम नारायण यादव, राजेश सिंह, श्रीमती रामकली पाल, पार्षद प्रदीप तिवारी, दशरथ मोदी राम दुबे, नीतू यादव रामजी देवांगन, जैनुल हक, सुरेश सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।


0 टिप्पणियाँ