वर्षों से बंद एसएमएलआर सेंटर खुला...... मूलभूत सुविधाओं की कराई व्यवस्था ......कर्मचारियों को दिए दिशा निर्देश......नगर पालिका अधिकारी की सक्रियता से बदली तस्वीर......



नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

कोरिया चरचा कालरी....... नगर पालिका शिवपुर-चरचा की नवपदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान ने पदभार ग्रहण करने के साथ ही नगर की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने की दिशा में सक्रिय पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में उन्होंने ग्राम जमनीपारा स्थित नगर पालिका के एसएलआरएम सेंटर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एसएलआरएम सेंटर में लंबे समय से व्याप्त अव्यवस्था एवं गंदगी को देखते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती चौहान ने तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही सेंटर में कार्यरत महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल पानी की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कार्यरत महिलाओं को निर्देशित किया कि सेंटर को साफ-सुथरा एवं सुव्यवस्थित रखते हुए निर्धारित कार्यों का बेहतर ढंग से संचालन करें।

गौरतलब है कि नगर पालिका का उक्त एसएलआरएम सेंटर पिछले कई महीनों से बंद पड़ा था। सेंटर के आसपास गंदगी का आलम था और इसकी व्यवस्थाएं भी प्रभावित थीं। ऐसे में नवपदस्थ नगर पालिका अधिकारी की ओर से पदभार ग्रहण करने के बाद ही सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने की पहल को नगर विकास के प्रति उनकी सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।

श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान ने नगर पालिका के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली।  नगर पालिका क्षेत्र में लगभग 45 विकास एवं निर्माण कार्य लंबित पड़े हुए हैं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ कराने की बात कही।श्रीमती चौहान ने कहा कि नगर पालिका शिवपुर-चरचा के समुचित एवं सर्वांगीण विकास के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। नगरवासियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा लंबित विकास कार्यों को गति देने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

विभिन्न नगरीय निकायों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के रूप में कार्य करने का श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान को व्यापक प्रशासनिक अनुभव है। इसी अनुभव के साथ उनके द्वारा पदभार ग्रहण करते ही जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर त्वरित कार्रवाई शुरू किए जाने से नगर पालिका की कार्यप्रणाली में सक्रियता आने की उम्मीद जताई जा रही है।

एसएलआरएम सेंटर की व्यवस्था सुधारने से लेकर लंबित निर्माण कार्यों को गति देने तक नगर पालिका अधिकारीवीकी सक्रियता ने यह संकेत दिया है कि नगर पालिका शिवपुर-चरचा में अब विकास एवं व्यवस्थाओं को लेकर कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने की कवायद शुरू हो चुकी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ