नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कालरी.......भारतीय जनता पार्टी जिला कोरिया के अध्यक्ष श्री देवेंद्र तिवारी द्वारा नगर पालिका शिवपुर-चरचा क्षेत्र में भाजपा की संरचनात्मक बैठकों एवं विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। इसके तहत नगर पालिका शिवपुर-चरचा के अध्यक्ष अरुण जायसवाल को संयोजक तथा प्रदीप तिवारी को सहसंयोजक का दायित्व सौंपा गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल का भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वे भाजपा मंडल शिवपुर-चरचा में लगातार दो कार्यकाल अर्थात लगभग नौ वर्षों तक कोषाध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं। इसके पश्चात उन्होंने मंडल महामंत्री तथा फिर भाजपा मंडल शिवपुर-चरचा के मंडल अध्यक्ष के रूप में भी संगठन को अपनी सेवाएं दीं। विभिन्न संगठनात्मक पदों पर रहते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने तथा संगठन का जनाधार बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाई।
संगठन में लंबे अनुभव और स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ को देखते हुए अरुण जायसवाल को एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना राजनीतिक एवं संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि आगामी लगभग तीन माह बाद नगर पालिका शिवपुर-चरचा के चुनाव भी प्रस्तावित हैं। ऐसे में उनकी संगठनात्मक क्षमता और लंबे राजनीतिक अनुभव का लाभ भाजपा को स्थानीय स्तर पर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल ने भाजपा जिला अध्यक्ष श्री देवेंद्र तिवारी सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास और जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। संगठन को बूथ एवं जमीनी स्तर तक और अधिक मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर पार्टी की गतिविधियों को गति देने के लिए वे निरंतर कार्य करेंगे।उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन ने उन्हें पूर्व में भी विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं और प्रत्येक दायित्व को उन्होंने कार्यकर्ताओं के सहयोग से पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास किया है। वर्तमान जिम्मेदारी को भी वे पूरी गंभीरता से निभाते हुए संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
अरुण जायसवाल की नियुक्ति की खबर से उनके समर्थकों तथा स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन में उनके लंबे अनुभव और सक्रिय भूमिका का सम्मान बताते हुए शीर्ष नेतृत्व एवं जिला भाजपा अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया है। आगामी नगर पालिका चुनाव की दृष्टि से भी इस नियुक्ति को भाजपा की स्थानीय संगठनात्मक तैयारियों को गति देने वाली महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ