मातृशक्ति के खातों में पहुँची महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 67.20 लाख महिलाओं के खातों में अंतरित किए 630.55 करोड़ रुपये कोरिया जिले की करीब 72 हजार महिलाओं को मिल रहा योजना का लाभ, शिक्षा, बचत और स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं जिले की महिलाएं


कोरिया बैकुंठपुर।  मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी की। इसके तहत प्रदेश की 67 लाख 20 हजार 125 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 630 करोड़ 55 लाख 54 हजार 300 रुपये की राशि अंतरित की गई। योजना के शुभारंभ से अब तक 19 हजार 444 करोड़ 33 लाख रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। आर्थिक रूप से सशक्त माताएं और बहनें परिवार को मजबूती प्रदान करती हैं, बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाती हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि योजना केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और सामाजिक भागीदारी को बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रही है।

कोरिया की करीब 72 हजार महिलाओं को मिल रहा लाभ,

कोरिया जिले में महतारी वंदन योजना के तहत करीब 72 हजार हितग्राहियों को नियमित रूप से लाभ मिल रहा है। योजना से प्राप्त राशि का महिलाएं अपनी जरूरतों के साथ-साथ परिवार की शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका संबंधी आवश्यकताओं में उपयोग कर रही हैं।

जिले में कई महिलाएं अपने बच्चों की शिक्षा पर राशि खर्च कर रही हैं, जबकि अनेक माताएं अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश कर रही हैं। वहीं कुछ महिलाओं ने महतारी वंदन योजना से प्राप्त आर्थिक सहयोग का उपयोग सिलाई-कढ़ाई, किराना दुकान, सब्जी विक्रय, पशुपालन सहित अन्य छोटे स्वरोजगार शुरू करने में किया है। इससे महिलाओं की आय बढ़ने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिल रही है।

महिला सशक्तीकरण के लिए बहुआयामी प्रयास,

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वरोजगार, कौशल विकास और वित्तीय समावेशन जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए आधार उपलब्ध करा रही है।

महतारी वंदन योजना का शुभारंभ 1 मार्च 2024 को किया गया था। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। 30वीं किस्त जारी होने के साथ योजना के अंतर्गत अब तक वितरित राशि 19 हजार 444 करोड़ 33 लाख रुपये से अधिक हो गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ