आदर्श कन्या शाला बैकुंठपुर में 168 छात्राओं को मिली सरस्वती साइकिल योजना की सौगात नगर पालिका अध्यक्ष नविता शिवहरे ने किया वितरण, शिक्षा के प्रति छात्राओं को किया प्रेरित


कोरिया बैकुंठपुर । शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैकुंठपुर में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी 'सरस्वती साइकिल योजना' के अंतर्गत शनिवार को भव्य साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा नौवीं की 168 पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल प्राप्त कर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में छात्राओं के साथ उनके पालकों एवं विद्यालय परिवार ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर की अध्यक्ष श्रीमती नविता शिवहरे एवं अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर श्रीमती अनीता तिवारी, शहर मंडल अध्यक्ष  अनिल खटिक, श्रीमती बलजीत कौर एवं श्रीमती सुमित्रा गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य अमृतलाल गुप्ता ने की। समारोह में बड़ी संख्या में छात्राओं के अभिभावक, पालक तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे।

बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल : नविता शिवहरे

मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नविता शिवहरे ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की सरस्वती साइकिल योजना बेटियों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अब छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने छात्राओं से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन कर अपने परिवार, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।

शिक्षा ही समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार : अनीता तिवारी

विशिष्ट अतिथि श्रीमती अनीता तिवारी ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो बालिकाओं को आत्मविश्वासी और सशक्त बनाती है। शासन द्वारा दी जा रही इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाकर छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करनी चाहिए तथा अपने जीवन में नई ऊंचाइयों को हासिल करना चाहिए।

ग्रामीण छात्राओं के लिए बड़ी राहत : प्राचार्य अमृतलाल गुप्ता

विद्यालय के प्राचार्य श्री अमृतलाल गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं के लिए यह योजना अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। साइकिल मिलने से छात्राओं का समय बचेगा, विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी तथा शिक्षा के प्रति उनका उत्साह और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने 168 छात्राओं को साइकिल मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन का आभार जताया।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं आकर्षक मंच संचालन विद्यालय के व्याख्याता श्री विपिन मिश्रा ने किया, जबकि समापन अवसर पर वरिष्ठ व्याख्याता सुश्री शाहिस्ता अंजुम अली ने उपस्थित अतिथियों, पालकों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के अंत में पालकों ने भी शासन की इस जनहितकारी योजना की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ