कोरिया बैकुंठपुर । नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर अंतर्गत अधोसंरचना मद से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों की सूची में आवश्यक संशोधन एवं स्वीकृत राशि का जनहित में उपयोग किए जाने की मांग उठी है। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के उपाध्यक्ष आशीष यादव ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र प्रेषित कर स्वीकृत कार्यों का स्थल निरीक्षण एवं परिषद में पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। पत्र में कहा गया है कि अधोसंरचना मद से विभिन्न 13 विकास कार्यों के लिए कुल 300.64 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, लेकिन इनमें से कुछ कार्य वर्तमान परिस्थितियों में दोहराव वाले अथवा अपेक्षाकृत कम उपयोगी साबित हो सकते हैं।
उपाध्यक्ष यादव ने पत्र में विशेष रूप से कार्य क्रमांक 03 का उल्लेख करते हुए बताया कि एनएच-43 के दोनों ओर एसईसीएल ऑफिस से मुक्ति धाम तक पाथवे निर्माण के लिए 13.66 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं एनएच-43 मार्ग का खड़वत तक सड़क चौड़ीकरण कार्य प्रस्तावित स्वीकृत हो चुका है तथा आगामी 4 से 6 माह में सड़क चौड़ीकरण के लिए बजट राशि जारी होने की संभावना है। ऐसी स्थिति में वर्तमान में निर्मित पाथवे को दोबारा उखाड़कर सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य करना पड़ सकता है। इससे स्वीकृत राशि का दोहरा खर्च होने की आशंका जताई गई है।
इसी तरह कार्य क्रमांक 04 में प्रमिला होंडा से नगर पालिका परिसर तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 36.79 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पत्र में कहा गया है कि यदि निकट भविष्य में इस मार्ग का चौड़ीकरण प्रस्तावित है तो इतनी बड़ी राशि खर्च करना उचित नहीं होगा। उपाध्यक्ष ने इसे भी पुनर्विचार योग्य बताते हुए राशि का उपयोग ऐसे कार्य में करने का सुझाव दिया है, जिसकी वर्तमान में वास्तविक आवश्यकता हो।
पत्र में कार्य क्रमांक 09 के तहत इंदिरा पार्क के सामने से जनपद तिराहा तक बीटी रोड मरम्मत के लिए 48.54 लाख रुपये स्वीकृत किए जाने का भी उल्लेख है। उपाध्यक्ष के अनुसार संबंधित स्थल पर कुछ माह पूर्व ही लगभग 40 लाख रुपये की लागत से इंदिरा पार्क से शिव मंदिर तक सीसी रोड एवं पुलिया का कार्य कराया गया है। ऐसे में प्रेमाबाग शिव मंदिर से जनपद कार्यालय होते हुए जेल रोड से पन्नालाल मेडिकल स्टोर तक बीटी रोड बनाए जाने की दिशा में विचार किया जाना अधिक उचित होगा। उन्होंने स्वीकृत कार्य में पुनर्विचार की आवश्यकता बताई है।
मानस भवन के पास पार्क निर्माण के लिए 20.01 लाख रुपये की स्वीकृति पर भी सवाल उठाते हुए पत्र में बताया गया है कि उक्त स्थल को पूर्व में पालिका बाजार के लिए भूमि आवंटित किया गया था। यह स्थान कोरिया जिले का प्रमुख एवं हृदय स्थल बताया गया है। यहां पालिका बाजार विकसित होने से स्थानीय युवाओं एवं छोटे व्यापारियों को रोजगार और आय के अवसर मिलने के साथ नगर पालिका को भी राजस्व प्राप्त हो सकता है। इसलिए पार्क निर्माण के बजाय पालिका बाजार की योजना को प्राथमिकता देने की मांग की गई है।
उपाध्यक्ष आशीष यादव ने आग्रह किया है कि उक्त चारों सहित सभी स्वीकृत विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर परिषद में पुनर्विचार किया जाए तथा आवश्यकता के आधार पर स्वीकृत राशि को ऐसे विकास कार्यों में परिवर्तित किया जाए, जहां वास्तव में उसकी जरूरत है। उनका कहना है कि इससे शासकीय राशि के सदुपयोग के साथ बैकुंठपुर शहर का विकास अधिक प्रभावी और जनोपयोगी बनाया जा सकेगा। पत्र की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।

0 टिप्पणियाँ