यूनिसेफ एवं MCCR ट्रस्ट के सहयोग से पंचायत प्रतिनिधियों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित, जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से गांवों में स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता को मिलेगी नई दिशा


बलरामपुर। जिला स्वास्थ्य विभाग, बलरामपुर द्वारा यूनिसेफ छत्तीसगढ़ एवं MCCR ट्रस्ट के सहयोग से पंचायत प्रतिनिधियों हेतु विशेष उन्मुखीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर बाल विवाह एवं उसके दुष्परिणाम, स्कूल ड्रॉपआउट, किशोरावस्था में गर्भधारण, बच्चों में गैर-संचारी रोगों तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना एवं स्थानीय नेतृत्व की भूमिका को सशक्त बनाना था।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों से लगभग 94 पंचायत प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को बाल विवाह के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों, किशोरावस्था में गर्भधारण के जोखिम, पोषण, एनीमिया नियंत्रण, गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, संस्थागत प्रसव, पूर्ण टीकाकरण तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व की जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों ने बच्चों में गैर-संचारी रोगों जैसे सिकल सेल रोग, बाल मधुमेह एवं जन्मजात हृदय रोग की समय पर पहचान, जांच, परामर्श, उपचार एवं रेफरल की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बाल मधुमेह के प्रमुख लक्षण—अत्यधिक प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, थकान एवं अचानक वजन कम होना—के बारे में जागरूक करते हुए समय पर स्वास्थ्य संस्थान से संपर्क करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए बताया गया कि वे ग्राम सभाओं, पंचायत बैठकों एवं जनसंपर्क के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम, किशोरियों की शिक्षा एवं पोषण को बढ़ावा देने, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने तथा बच्चों में गैर-संचारी रोगों की शीघ्र पहचान एवं रेफरल सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पंचायतों के सक्रिय सहयोग से स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त गांवों का निर्माण संभव है।

अतिथियों ने बाल विवाह, किशोरावस्था में गर्भधारण, बच्चों में गैर-संचारी रोगों एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर अपने विचार साझा करते हुए पंचायत प्रतिनिधियों से इन सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर जनजागरूकता अभियान चलाने तथा समुदाय को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह के मार्गदर्शन में डॉ. स्मृति एक्का, जिला कार्यक्रम प्रबंधक; श्री नेत्र प्रकाश, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर; डॉ. गजेंद्र सिंह, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, यूनिसेफ; यूनिसेफ टीम तथा डॉ. डी. श्याम कुमार, MCCR ट्रस्ट का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य टीम, मितानिन एवं अन्य सामुदायिक प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।

समापन अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने ग्राम पंचायतों में बाल विवाह की रोकथाम, किशोर स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा बच्चों में गैर-संचारी रोगों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद परिवारों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ