नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कालरी...... पुलिस मुख्यालय, रायपुर (छत्तीसगढ़) द्वारा वर्ष 2026 के लिए उपनिरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नति हेतु योग्यता सूची जारी की गई है। इस सूची में चरचा थाना प्रभारी आनंद सोनी का नाम शामिल होने पर चरचा थाना परिवार, स्थानीय नागरिकों एवं उनके शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। विशेष बात यह है कि जारी योग्यता सूची में पूरे कोरिया जिले से मात्र आनंद सोनी का ही नाम शामिल किया गया है, जिसे जिले के लिए भी गौरव की उपलब्धि माना जा रहा है।
गौरतलब है कि थाना प्रभारी आनंद सोनी ने चरचा थाना में अपनी पदस्थापना के बाद अल्प समय में ही अपनी कार्यशैली, अनुशासन एवं जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता के बल पर आम जनता के बीच एक सकारात्मक और भरोसेमंद छवि स्थापित की है। युवा एवं ऊर्जावान अधिकारी के रूप में उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
विशेष रूप से क्षेत्र में सक्रिय अवैध कोयला कारोबार के विरुद्ध उन्होंने लगातार सख्त कार्रवाई करते हुए कोयला माफियाओं पर प्रभावी शिकंजा कसा। उनकी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कोयले के कारोबार पर काफी हद तक अंकुश लगा है। इसके साथ ही साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, एटीएम एवं ऑनलाइन ठगी के प्रति जनजागरूकता अभियान, नशामुक्ति अभियान तथा यातायात जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करने का सराहनीय प्रयास किया है।
मिलनसार एवं सरल स्वभाव के धनी आनंद सोनी सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में भी सक्रिय सहयोग देते रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव बना हुआ है।पदोन्नति हेतु जारी योग्यता सूची में नाम शामिल होने के बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि निरीक्षक पद पर पदोन्नत होने के बाद भी वे अपनी ईमानदार, निष्पक्ष एवं जनहितैषी कार्यशैली से पुलिस विभाग तथा कोरिया जिले का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।

0 टिप्पणियाँ