जेबीसीसीआई-12 वेतन समझौता लागू करने की मांग को लेकर बीएमएस का जनजागरण अभियान शुरू


कोरिया बैकुंठपुर । भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ (बीएमएस) ने जेबीसीसीआई-12 (Joint Bipartite Committee for the Coal Industry) के गठन एवं 12वें वेतन समझौते को लागू कराने की मांग को लेकर 25 जून से 30 जून तक बैकुंठपुर क्षेत्र के पांडवपारा में जनजागरण अभियान की शुरुआत की है। अभियान के माध्यम से कोयला श्रमिकों को वेतन समझौते की स्थिति से अवगत कराया जा रहा है तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

संघ के महामंत्री सुजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने जेबीसीसीआई-12 के गठन के संबंध में कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के अध्यक्ष को पत्र भेजकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अब तक प्रबंधन की ओर से कोई सकारात्मक एवं सार्थक पहल नहीं की गई है। इससे कोयला श्रमिकों में निराशा और असंतोष का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि 18 जून को आयोजित बैठक में कोल उद्योग प्रभारी के. लक्ष्मी रेड्डी, अध्यक्ष संजय चौधरी तथा महामंत्री सुजीत सिंह की उपस्थिति में जनजागरण अभियान एवं जनसभाओं के आयोजन का निर्णय लिया गया था। इसी निर्णय के तहत पांडवपारा से अभियान का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जेबीसीसीआई-12 का शीघ्र गठन कर 12वें वेतन समझौते को लागू किया जाना चाहिए, ताकि कोयला श्रमिकों को समय पर वेतन एवं अन्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

इस अवसर पर क्षेत्रीय जेसीसी सदस्य लक्ष्मी प्रसाद, राजकुमार सिंह, केदारनाथ, लंगरू राम, अंगलेश्वर, धर्मेंद्र सिंह, अवनीश मिश्रा, कृष्णा सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। जनसभा में श्रमिकों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ