अवैध रेत उत्खनन के दौरान नाबालिग चालक की मौत, खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल



कोरिया बैकुंठपुर । जिले में अवैध रेत उत्खनन से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत टेडमा क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के दौरान ट्रैक्टर दुर्घटना में एक नाबालिग चालक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर भी कई सवाल खड़े होने लगे हैं।

सूत्रों के अनुसार सोनालिका कंपनी के एक ट्रैक्टर से रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसे चला रहे नाबालिग युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि संबंधित ट्रैक्टर किसी जायसवाल नामक व्यक्ति का है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिले में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का कार्य खुलेआम जारी है, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों का कहना है कि खनिज विभाग की निष्क्रियता के कारण अवैध उत्खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जिले में अवैध रेत कारोबार पर अंकुश लगाने के बजाय संबंधित विभाग केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित है। इसके चलते न केवल राजस्व की हानि हो रही है, बल्कि लोगों की जान भी जोखिम में पड़ रही है।

समाचार लिखे जाने तक पुलिस द्वारा मामले में किसी प्रकार की आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई थी, जिसके कारण पुलिस का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। अब क्षेत्रवासियों की मांग है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा अवैध रेत उत्खनन पर प्रभावी रोक लगाई जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ