कोरिया बैकुंठपुर । कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बुधवार को जिला स्तरीय समन्वय समिति (DLCC) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती रोहितमा यादव ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं संबंधित संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) शशि भूषण पाठक द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 की मार्च 2026 तिमाही तक की बैंकिंग उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने जिले में संचालित विभिन्न बैंकों के कार्यों की समीक्षा करते हुए ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने वर्तमान 36.40 प्रतिशत ऋण-जमा अनुपात को बढ़ाकर न्यूनतम 40 प्रतिशत तक पहुंचाने के निर्देश बैंक अधिकारियों को दिए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्धारित 656.81 करोड़ रुपये के ऋण वितरण लक्ष्य के विरुद्ध 619.99 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया, जो लक्ष्य का 94.39 प्रतिशत है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त किया, वहीं शेष लक्ष्य की पूर्ति के लिए और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी बैंकों को वित्तीय साक्षरता शिविरों का नियमित आयोजन करने और ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिक से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। इसके अलावा एनआरएलएम, पीएमएफएमई, पीएमईजीपी, डेयरी, पशुपालन तथा अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना सहित अन्य स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन योजनाओं के लाभार्थियों को समयबद्ध ऋण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) की गतिविधियों की समीक्षा भी की गई। जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में संस्थान द्वारा 1202 युवाओं को विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान किए गए हैं। कलेक्टर ने संस्थान को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप और अधिक युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार एवं रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।
बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के प्रबंधक सदानंद वास्के, जिले में कार्यरत विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं शाखा प्रबंधक, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के अंत में जिले में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, वित्तीय समावेशन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए समन्वित प्रयासों पर बल दिया गया।


0 टिप्पणियाँ