कोरिया बैकुंठपुर । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार सुबह 7 बजे से 9 बजे तक जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित मानस भवन में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन, आयुष विभाग, सूर्या फाउंडेशन, आईएनओ, संजीवनी/वनौषधालय वन विभाग, आरोग्य भारती, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), समाज कल्याण विभाग, पतंजलि स्वाभिमान मंच तथा विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाएं कीं। इस दौरान योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी भी दी गई।
आयोजकों ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन सकारात्मक बनता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार और समाज को भी योग से जोड़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य भावना “सब स्वस्थ रहें, निरोग रहें, मस्त रहें और व्यस्त रहें” रही। इसी उद्देश्य के साथ योग को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक घर में योग की अलख जगाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि योग के माध्यम से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा यह तनावमुक्त जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी साधन है।
इस अवसर पर विशेष रूप से यह संकल्प लिया गया कि योग की धारा केवल नगरों तक सीमित न रहे, बल्कि जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों, ग्रामीण अंचलों और प्रत्येक घर तक पहुंचे। इसके लिए विभिन्न संस्थाओं द्वारा आगामी दिनों में भी जनजागरण एवं योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं निरोगी समाज के निर्माण हेतु नियमित योग करने तथा दूसरों को भी योग के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन सामाजिक सहभागिता, स्वास्थ्य जागरूकता और भारतीय परंपरा के प्रति सम्मान का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।


0 टिप्पणियाँ