राज्य स्तरीय इको क्लब प्रशिक्षण में कोरिया का शानदार प्रतिनिधित्व, पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को मिलेगा नया आयाम,


कोरिया बैकुंठपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित Babylon International में आयोजित इको क्लब मिशन लाइफ के राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोरिया जिले के चार शिक्षकों ने सहभागिता कर जिले का गौरव बढ़ाया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास एवं हरित जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि O. P. Choudhary ने कहा कि विद्यालयों में संचालित इको क्लब विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से मिशन लाइफ के सिद्धांतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

जिला प्रशासन के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी  विनोद कुमार राय एवं सहायक संचालक जितेंद्र गुप्ता के निर्देशन में कोरिया जिले का प्रतिनिधित्व इको क्लब जिला समन्वयक एवं प्रभारी प्राचार्य  रविकांत मिश्रा, मास्टर ट्रेनर कमल डडसेना (सेजेस चरचा),  रामकुमार राजवाड़े (शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चिताझोर पोड़ी) तथा  महेश शिवहरे (शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सारा) ने किया।

प्रशिक्षण के दौरान जल संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विद्यालयों में इको क्लब गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने एवं विद्यार्थियों को पर्यावरणीय अभियानों से जोड़ने के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

प्रशिक्षण से लौटे प्रतिभागियों ने बताया कि इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम से उन्हें नवीन ज्ञान एवं व्यवहारिक अनुभव प्राप्त हुए हैं, जिनका लाभ जिले के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और हरित भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 "हरित विद्यालय – स्वच्छ पर्यावरण – सुरक्षित भविष्य" के संकल्प के साथ कोरिया जिले के शिक्षक पर्यावरण संरक्षण की नई अलख जगाने को तैयार हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ