झुमका नाला पुल निर्माण में अब अप्रोच रोड की चौड़ाई पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने जताई चिंता


 कोरिया बैकुंठपुर। बिलासपुर-बैकुंठपुर मार्ग पर सलका के समीप झुमका नाला पर लगभग 2.33 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। पहले जहां निर्माण में उपयोग हो रही सरिया और बार स्पेसिंग को लेकर सवाल उठे थे, वहीं अब पुल के दोनों ओर बनाए जा रहे अप्रोच रोड (पहुँच मार्ग) की डिजाइन और चौड़ाई को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त की है।

जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग के सेतु निर्माण संभाग अंबिकापुर द्वारा 63 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण कराया जा रहा है। पुल में 21-21 मीटर के तीन स्पान हैं तथा दोनों ओर लगभग 10 मीटर लंबा पहुँच मार्ग बनाया जा रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि अप्रोच रोड के किनारों को सीधे रखने के बजाय टेढ़े कोण पर विकसित किया जा रहा है, जिससे सड़क के किनारे उपलब्ध खुला स्थान कम हो जाएगा। उनका कहना है कि यदि पहुँच मार्ग को सीधी रेखा में और अधिक चौड़ाई के साथ बनाया जाता तो भविष्य में यातायात की सुविधा बेहतर होती तथा सड़क के दोनों ओर पर्याप्त खुला स्थान भी उपलब्ध रहता।

ग्रामीणों का मानना है कि वर्तमान स्वरूप में सड़क के किनारे संकरे होने से बड़े वाहनों के आवागमन, आकस्मिक स्थिति में वाहन खड़े करने तथा पैदल चलने वालों को असुविधा हो सकती है। क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि अप्रोच रोड की डिजाइन का पुनर्मूल्यांकन कर व्यावहारिक दृष्टिकोण से आवश्यक सुधार किए जाएं।

इधर पुल निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी पूर्व में सरिया के व्यास और बार स्पेसिंग संबंधी चर्चाएं सामने आई थीं। 

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे इस महत्वपूर्ण पुल और पहुँच मार्ग की गुणवत्ता तथा उपयोगिता सुनिश्चित करने के लिए निर्माण संबंधी ड्राइंग, डिजाइन तथा गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि आम जनता के बीच किसी प्रकार की शंका न रहे और निर्माण कार्य में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ