चिरमिरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की दूरदर्शी सोच तथा लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के सतत प्रयासों से मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चिरमिरी में शिक्षा और विकास का एक महत्वपूर्ण अध्याय लिखा जा रहा है। क्षेत्र के युवाओं को बेहतर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवीन शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है।
लगभग 9 करोड़ 11 लाख 44 हजार रुपये की लागत से निर्मित हो रहे इस आधुनिक भवन के पूरा होने के बाद चिरमिरी और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे क्षेत्र में शिक्षा के नए अवसर सृजित होंगे तथा युवाओं को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन की सुविधा मिलेगी।
नवीन पॉलिटेक्निक कॉलेज में आधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशालाएं तथा तकनीकी प्रशिक्षण के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित की जा रही है। यह संस्थान विद्यार्थियों को विभिन्न तकनीकी विषयों में दक्ष बनाकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार करेगा। साथ ही कौशल विकास को बढ़ावा देते हुए आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी मजबूती प्रदान करेगा।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि इस कॉलेज के निर्माण से चिरमिरी शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा। तकनीकी शिक्षा के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा और कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए किए जा रहे इस प्रयास को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नवीन शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज भविष्य में हजारों विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बनेगा।


0 टिप्पणियाँ