कोरिया बैकुंठपुर / विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, एसईसीएल तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एसईसीएल गौतम सदन, बैकुंठपुर में भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में कोरिया कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक नरेश प्रसाद, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना रजवाड़े, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे, रेड क्रॉस सोसायटी कोरिया के प्रदेश प्रतिनिधि कमलेश शर्मा, जिला चेयरमैन महेंद्र बैद्य, वाइस चेयरमैन श्रीमती गीता राजवाड़े, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह तथा सिविल सर्जन एवं जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. आयुष जायसवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने स्वयं रक्तदान कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि 'रक्तदान जीवनदान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए नया जीवन साबित हो सकता है। दुर्घटनाओं, आपातकालीन परिस्थितियों, थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों, कैंसर रोगियों तथा गर्भवती महिलाओं के लिए समय पर रक्त उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है।'
कलेक्टर ने विशेष रूप से युवाओं से नियमित रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। इससे न केवल किसी की जान बचाई जा सकती है बल्कि समाज में मानवीय संवेदनाओं और सेवा भाव को भी बढ़ावा मिलता है।
एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक नरेश प्रसाद ने अपने उद्बोधन में कहा कि रक्तदान एक महान दान है। यह ऐसा पुण्य कार्य है जिससे किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने वाला व्यक्ति मानवता की सेवा का सबसे श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत करता है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को इस अभियान से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान से न केवल जरूरतमंदों की मदद होती है बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य को भी लाभ पहुंचता है। नियमित रक्तदान से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है तथा स्वास्थ्य संबंधी कई सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलते हैं।
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित इस शिविर में 31 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में रक्तदान करने वाले नागरिकों एवं युवाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम की एक विशेष बात यह रही कि एचएमएस महामंत्री योगेंद्र मिश्रा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर भी रक्तदान कर सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की। वे प्रतिवर्ष अपने जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर में सक्रिय भूमिका निभाते हुए रक्तदान महादान के संकल्प को सार्थक करते हैं।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक अशरफ अंसारी, समिति के सदस्यों शैलेश शिवहरे, बसंत राय, हिमांशु अवस्थी, डॉ. गौरव बड़ेरिया, आशीष बड़ेरिया, शैलेंद्र शर्मा सहित डॉ. बिराजी (सीएमओ, एसईसीएल अस्पताल चिरमिरी), एचएमएस अध्यक्ष हरि यादव, डॉ. रोहित (एसईसीएल अस्पताल बैकुंठपुर) सहित श्रद्धा महिला मंडल, सौम्य महिला समिति एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र भी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति का योगदान आवश्यक है और रक्तदान के माध्यम से अनेक लोगों को नया जीवन दिया जा सकता है।



0 टिप्पणियाँ