अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया सामूहिक योगाभ्यास, ई-आयुष पत्रिका का विमोचन


झांसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में सहभागिता कर प्रदेशवासियों को स्वस्थ एवं निरोगी जीवन का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने वाली भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं योग संबंधी श्लोकों के साथ हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग मानव जीवन को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक बनाता है। योग के नियमित अभ्यास से न केवल रोगों से मुक्ति मिलती है, बल्कि मानसिक तनाव भी दूर होता है। इसी संदर्भ में उन्होंने संस्कृत के प्रसिद्ध श्लोक “न तस्य रोगो न जरा न मृत्युः प्राप्तस्य योगाग्निमयं शरीरम्” का उल्लेख करते हुए कहा कि योग साधना से शरीर निरोग, सशक्त एवं दीर्घायु बनता है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ई-आयुष पत्रिका का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि आयुष पद्धति और योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अभिन्न अंग हैं, जिन्हें आधुनिक जीवनशैली में अपनाकर बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी का पश्चिम बंगाल से वर्चुअल संबोधन भी प्राप्त हुआ। प्रधानमंत्री ने योग को मानवता के कल्याण का माध्यम बताते हुए विश्वभर में इसकी बढ़ती स्वीकार्यता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत की हजारों वर्षों पुरानी योग परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने में देशवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत की संस्कृति, परंपरा और विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को संयुक्त राष्ट्र द्वारा मान्यता दिलाकर प्रधानमंत्री ने समस्त भारतवासियों को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों, योग साधकों, आयुष विभाग के अधिकारियों तथा आयोजन से जुड़े सभी महानुभावों का अभिनंदन करते हुए स्वस्थ, समृद्ध और योगमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ