कोरिया बैकुंठपुर । भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संदीप साहू ने सोनहत क्षेत्र के ग्राम पंचायत पोड़ी का दौरा कर ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने किसानों एवं ग्रामीणों के साथ बैठकर खेती-किसानी से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।
ग्रामीणों ने संदीप साहू को पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत भवन का निर्माण कार्य सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य प्रगति पर हैं। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।
चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित 12 वर्षों के कार्यकाल की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि इस अवधि में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव गांवों में भी दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना ने आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए पक्के घर का सपना साकार किया है। योजना के माध्यम से अनेक परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध हुआ है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आया है।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं जनहितकारी योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। वहीं संदीप साहू ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं और सुझावों को संबंधित स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा तथा किसानों और ग्रामीणों के हितों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ