कोरिया बैकुंठपुर। भारत स्वाभिमान संगठन एवं पतंजलि योग समिति द्वारा संचालित "योग धारा" कार्यक्रम का आयोजन मनेंद्रगढ़ के राजस्थान भवन में उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में योग, आयुर्वेद और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में योग साधकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रभारी कोरिया (छत्तीसगढ़) आईएनओ, आरोग्य भारती आरएसएस एवं वन औषधालय बैकुंठपुर के वरिष्ठ वैद्य पंडित अरुण कुमार शुक्ला ने उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों का नाड़ी परीक्षण कर आयुर्वेदिक परामर्श प्रदान किया। उन्होंने आयुर्वेद की प्राचीन चिकित्सा पद्धति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नाड़ी परीक्षण के माध्यम से शरीर की विभिन्न समस्याओं का प्रारंभिक आकलन किया जा सकता है तथा समय रहते उचित उपचार एवं जीवनशैली अपनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।
इस अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने योग एवं आयुर्वेद को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग और आयुर्वेद की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से नियमित योगाभ्यास करने तथा प्राकृतिक एवं आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व योग आयोग अध्यक्ष एवं भारत स्वाभिमान संगठन पतंजलि छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि योग और आयुर्वेद केवल उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का आधार हैं। उन्होंने पतंजलि एवं भारत स्वाभिमान संगठन द्वारा चलाए जा रहे स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों की जानकारी भी दी।
वैद्य पंडित अरुण कुमार शुक्ला ने कार्यक्रम में उपस्थित अनेक गणमान्य अतिथियों, योग साधकों एवं नागरिकों का नाड़ी परीक्षण कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव दिए। उनके द्वारा दिए गए आयुर्वेदिक परामर्श की लोगों ने सराहना की और इसे जनस्वास्थ्य के लिए उपयोगी पहल बताया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए योग एवं आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक, धार्मिक एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ