कोरिया बैकुंठपुर / छत्तीसगढ़ शासन के दिशा-निर्देशानुसार संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद पंचायत बैकुंठपुर के ग्राम पंचायत बुड़ार में जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा।
शिविर में समाज कल्याण विभाग, जिला कोरिया द्वारा दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं के तहत हितग्राहियों को आवश्यकतानुसार सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पड़िता निवासी 22 वर्षीय कु. आसना को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल (बैटरी चालित रिक्शा) प्रदान की गई, जिससे उनके आवागमन में सुविधा होगी। वहीं ग्राम पातरपाली की श्रीमती गांगी बाई को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई।
इसके अलावा प्रेमलाल को एक जोड़ी बैसाखी तथा 13 वरिष्ठ नागरिकों को छड़ी एवं अन्य आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए। सहायक उपकरण प्राप्त कर दिव्यांगजनों और वृद्धजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े उपस्थित रहे। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े एवं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता राजवाड़े विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
शिविर में जिला कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आमजन उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस शिविर में जनसमस्याओं के निराकरण के साथ-साथ जरूरतमंदों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

0 टिप्पणियाँ