सलका में जनसमस्या निवारण शिविर, 14 गांवों के ग्रामीण पहुंचे, योजनाओं का लाभ मिला या नहीं, शिविर में विधायक ने ली जानकारी, अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी, लाभ लेने के लिए किया प्रेरित, बुजुर्गों व जरूरतमंद तबकों को वितरित की गई हितग्राहीमूलक सामग्री,


कोरिया बैकुंठपुर / मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के निर्देश पर आयोजित राज्य स्तरीय सुशासन तिहार के तहत कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में शुक्रवार को बैकुंठपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम सलका में महुआ पेड़ की छांव में खुले मैदान में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सलका, सलबा, भण्डारपारा, अमरपुर, पोटेडांड, मनसुख, डोहडा, चिल्का, सरईगहना, मुडीझरिया, बस्ती, जामपारा, केनापारा व सागरपुर गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए तथा विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

शिविर के मुख्य अतिथि बैकुंठपुर विधानसभा के विधायक भईया लाल राजवाड़े ने ग्रामीणों से संवाद कर प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना तथा पेयजल व्यवस्था सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। विधायक श्री राजवाड़े ने कहा कि ग्रामीणों और किसानों की छोटी-छोटी समस्याओं का भी प्राथमिकता के साथ शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने स्वयं अनेक आवेदकों से आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याओं को समझा तथा संबंधित अधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत होकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने ग्रामीणों को आश्वत किया कि प्राप्त आवेंदनो का गुणवत्तापूर्ण व समय पर समाधान किया जाएगा।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शिविर स्थल पर गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। साथ ही बाल विवाह' मुक्त जिला बनाने के लिए विधायक ने ग्रामीणो को शपथ दिलवाया।

शिविर में हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, फूड बास्केट, आइस बॉक्स सहित विभिन्न हितग्राहीमूलक सामग्री वितरित की गई। वहीं दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण के रूप में छड़ियां प्रदान की गईं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को ‘खुशियों की चाबी’ एवं अभिनंदन पत्र भी वितरित किए गए।

जिला पंचायत अध्यक्ष  मोहित पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, जनपद सदस्य श्रीमती जगमनी टोप्पो, एसडीएम  उमेश पटेल, ग्राम पंचायत दोहड़ा की सरपंच श्रीमती यशोदा, ग्राम पंचायत मनसुख की सरपंच श्रीमती दिल कुंवर, ग्राम पंचायत सलका के सरपंच  दुर्गा सिंह, ग्राम पंचायत पोटेडांड की सरपंच श्रीमती दुर्गावती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ