कोरिया/बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान ग्राम फुलपुर में 26 मई 2026 को क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात मिली। वर्षों से लंबित बिशनपुर जुनापारा बगीचा चौक से सलका चौक तक प्रस्तावित बाईपास सड़क निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की गई। क्षेत्रीय विधायक भैया लाल राजवाड़े ने कलेक्टर कोरिया की उपस्थिति में सड़क निर्माण प्रस्ताव की जानकारी साझा करते हुए ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने का संकेत दिया। घोषणा के साथ ही पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने इसे केवल सड़क निर्माण की स्वीकृति नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, सुरक्षित आवागमन और जनएकता की बड़ी जीत बताया। लंबे समय से बिशुनपुर–सलका मार्ग की जर्जर स्थिति और लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण लोग परेशान थे। इसी समस्या के समाधान के लिए ग्रामीण लगातार वैकल्पिक बाईपास सड़क की मांग उठा रहे थे। कई बार आवेदन, ज्ञापन और जनसहयोग के माध्यम से इस मुद्दे को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाया गया था।
इस सड़क निर्माण में एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी रहा कि तलवापारा मोहल्ले के कुछ मकानों के प्रभावित होने की संभावना के बावजूद स्थानीय लोगों ने विकास कार्य में सहयोग की मिसाल पेश की। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से हस्ताक्षर कर अनापत्ति पत्र दिया और यह संदेश दिया कि क्षेत्रहित में वे पूरी तरह एकजुट हैं। लोगों का कहना है कि विकास कार्यों में जनसहयोग ही सबसे बड़ी ताकत होता है और इस सड़क निर्माण ने इसे साबित भी कर दिया है।
ग्रामीणों ने इस उपलब्धि का विशेष श्रेय क्षेत्र की महिला जनप्रतिनिधियों को भी दिया। जनपद पंचायत सभापति धर्मवती राजवाड़े और ग्राम पंचायत जुनापारा की सरपंच रीता खलखो की सक्रिय पहल, निरंतर प्रयास और प्रशासन से लगातार समन्वय को ग्रामीणों ने सराहा। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नारी शक्ति के नेतृत्व और जनप्रतिनिधियों की प्रतिबद्धता ने वर्षों पुरानी मांग को नई दिशा देने का काम किया।
सड़क निर्माण की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों ने विधायक, जिला प्रशासन, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापार, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी बड़ा लाभ पहुंचेगा। किसानों, छात्रों और मरीजों के लिए यह सड़क किसी वरदान से कम नहीं होगी।
बिशनपुर जुनापारा–सलका बाईपास सड़क निर्माण की घोषणा ने पूरे क्षेत्र में नई उम्मीद जगा दी है। अब ग्रामीणों की निगाहें जल्द से जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर टिकी हैं। लोगों का मानना है कि जनसहयोग, जनप्रतिनिधियों की पहल और प्रशासनिक संवेदनशीलता का यह सुंदर परिणाम आने वाले समय में क्षेत्र के विकास की नई इबारत लिखेगा।

0 टिप्पणियाँ