“हरि अनंत हरि कथा अनंता, कहहिं सुनहिं बहुबिधि सब संता।
रामचंद्र के चरित सुहाए, कल्प कोटि लगि जाहिं न गाए॥”
कोरिया बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में देवरहा बाबा सेवा समिति के द्वारा सराहनीय कार्य करते हुए चिरमिरी में आयोजित राम कथा को लेकर उक्त पावन पंक्तियों की भावना के साथ देवराहा बाबा सेवा समिति द्वारा भव्य रामकथा के लिए शहर में आमंत्रण अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में समिति के अध्यक्ष शैलेश शिवहरे अपने सहयोगियों के साथ जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों को ससम्मान रामकथा में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने रामकथा के आध्यात्मिक महत्व और सामाजिक एकता के संदेश को साझा करते हुए सभी से इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता का आग्रह किया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और उपस्थित होने का आश्वासन दिया।
केवल राजनीतिक पदाधिकारियों तक ही सीमित न रहकर, देवराहा बाबा सेवा समिति द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी जनसंपर्क अभियान चलाया गया। समिति के सदस्यों ने शहर के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं सम्माननीय व्यापारी वर्ग से मुलाकात कर उन्हें चिरमिरी में आयोजित होने वाली रामकथा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता की इच्छा जताई।
समिति की यह पहल सामाजिक समरसता और सभी वर्गों को एक मंच पर लाने का एक सराहनीय प्रयास मानी जा रही है। विशेष रूप से विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक वर्गों के लोगों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित कर एक नई परिपाटी की शुरुआत की गई है, जो समाज में सद्भाव और एकता का संदेश देती है।
निश्चित ही देवराहा बाबा सेवा समिति द्वारा किया जा रहा यह प्रयास न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सामाजिक दृष्टिकोण से भी एक प्रेरणादायक पहल है। आगामी रामकथा को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

0 टिप्पणियाँ