नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कॉलरी....... चरचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरवत के समीप स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर 14 मई गुरुवार शाम लगभग 7 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में मनीष लकड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद जहां अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया, वहीं चर्चा पुलिस ने मानवता और तत्परता की ऐसी मिसाल पेश की जिसकी क्षेत्रभर में जमकर सराहना हो रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार फूलपुर निवासी मनीष लकड़ा पिता राजेश्वर लकड़ा उम्र लगभग 35 वर्ष अपनी बाइक से बैकुंठपुर से अपने गृह ग्राम फूलपुर लौट रहे थे। ग्राम खरवत निवासी जनपद पंचायत बैकुंठपुर के सभापति गणेश राजवाड़े के घर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मिक्सचर दुकान से कुछ आगे बढ़े ही थे कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि मनीष लकड़ा सड़क पर दूर जा गिरे और बुरी तरह लहूलुहान हो गए। उनके पैर की हड्डी टूटकर बाहर निकल गई थी तथा पैर बुरी तरह कुचल गया था।
घटना के बाद आसपास भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन गंभीर हालत में पड़े घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की हिम्मत कोई नहीं जुटा पाया। इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही आनंद सोनी अपने स्टाफ के साथ गश्त पर चरचा की ओर जा रहे थे। सूचना मिलते ही मात्र तीन मिनट के भीतर चर्च8 पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह था। चारों ओर खून फैला हुआ था और घायल युवक दर्द से तड़प रहा था। ऐसी स्थिति में थाना प्रभारी आनंद सोनी ने बिना एक पल गंवाए अपने स्टाफ के साथ घायल युवक को स्वयं उठाया और विभागीय पुलिस वाहन में डालकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने के बाद भी पुलिस जवानों ने मानवता दिखाते हुए स्ट्रेचर पर घायल को ले जाकर डॉक्टरों तक पहुंचाया।इस दौरान चर्चा थाने के प्रधान आरक्षक शशि, मनोज सुनहरे, विकास सिंह तथा विपेंद्र सिंह ने भी बिना किसी परवाह के लहूलुहान युवक को संभाला। घायल को उठाते समय पुलिस जवानों के कपड़ों तक में खून लग गया, लेकिन उन्होंने इसकी तनिक भी चिंता नहीं की और इंसानियत को सर्वोपरि रखा।प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने चरचा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो घायल युवक की जान बचाना मुश्किल हो सकता था।
विगत कुछ समय में भी चरचा पुलिस कई घटनाओं में अपनी सक्रियता और तत्परता का परिचय दे चुकी है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि चर्चा पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपने मानवीय दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रही है।


0 टिप्पणियाँ