कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में 16 अप्रैल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। नगर पालिका परिषद की पार्षद साधना जायसवाल, पत्नी पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल द्वारा वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में नगर पालिका क्षेत्र के लिए विशेष ‘पुष्प वाहन’ का शुभारंभ किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नगर क्षेत्र में धार्मिक स्थलों, घरों एवं सार्वजनिक आयोजनों से निकलने वाली पूजा सामग्री और फूल-मालाओं के अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से संग्रहण करना है।
अब तक नगर क्षेत्र में पूजा-पाठ के बाद बची हुई सामग्री को लोग आस्था के कारण नदियों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों में विसर्जित कर देते थे। इससे जल स्रोतों का पानी प्रदूषित हो रहा था और पर्यावरण पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा था। इसे ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद ने यह नई व्यवस्था शुरू की है, जिसके अंतर्गत पुष्प वाहन नियमित रूप से विभिन्न वार्डों में जाकर पूजा सामग्री एकत्रित करेगा।
एकत्रित किए गए फूल, पत्तियां एवं जैविक अवशेषों को नगर पालिका द्वारा निर्धारित स्थान पर ले जाकर कंपोस्ट खाद में परिवर्तित किया जाएगा। इससे एक ओर जहां नदियों और तालाबों को प्रदूषण से बचाया जा सकेगा, वहीं दूसरी ओर जैविक खाद तैयार कर उसका उपयोग उद्यानों एवं पौधरोपण कार्यों में किया जा सकेगा। इस पहल को नगर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर पार्षद साधना जायसवाल ने कहा कि नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर लगातार स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए नए प्रयास कर रही है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे पूजा सामग्री को जल स्रोतों में प्रवाहित करने के बजाय इस पुष्प वाहन में ही दें ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
नगरवासियों ने भी इस अभिनव पहल का स्वागत करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया। लोगों का मानना है कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण की सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। बैकुंठपुर नगर पालिका की यह पहल अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकती है।

0 टिप्पणियाँ