विधायक भैयालाल रजवाड़े का बड़ा बयान, कोरिया को संभाग बनाने का बहुत प्रशिक्षित मांग,


कोरिया बैकुंठपुर। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बैकुंठपुर विधानसभा के लोकप्रिय विधायक भैयालाल राजवाड़े ने बैकुंठपुर को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि उन्होंने मुख्यमंत्री से बैकुंठपुर को संभाग बनाने की औपचारिक मांग की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “हमने अपनी ओर से मांग रख दी है, अब इसे पूरा करना मुख्यमंत्री का काम है।” उनके इस बयान के बाद क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।

विधायक राजवाड़े ने कहा कि बैकुंठपुर भौगोलिक, प्रशासनिक और सामाजिक दृष्टि से संभाग बनने की सभी आवश्यकताओं को पूरा करता है। यदि इसे संभाग का दर्जा मिलता है तो न केवल प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि आम जनता को भी शासकीय सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा। इससे लोगों को लंबी दूरी तय कर अन्य संभागीय मुख्यालयों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

उन्होंने बताया कि संभाग की मांग के साथ-साथ क्षेत्र के विकास से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण मांगें भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई हैं। इनमें प्रमुख रूप से सड़क चौड़ीकरण का मुद्दा शामिल है, जिससे यातायात सुगम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में हेचरी (मत्स्य बीज उत्पादन केंद्र) की स्थापना की मांग भी की गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और मत्स्य पालन को प्रोत्साहन मिलेगा।

विधायक ने बैकुंठपुर में विधि महाविद्यालय (लॉ कॉलेज) खोलने की मांग भी प्रमुखता से उठाई है। उनका कहना है कि विधि शिक्षा के लिए युवाओं को अन्य जिलों में जाना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। यदि स्थानीय स्तर पर विधिकालेज स्थापित होता है तो क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

विधायक राजवाड़े ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री क्षेत्र की जनता की भावनाओं को समझते हुए सकारात्मक निर्णय लेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ