"नारी शक्ति वंदन अधिनियम "अभिनंदन कार्यक्रम का भव्य आयोजन


 कोरिया बैकुंठपुर। जिला स्तरीय अभिनंदन कार्यक्रम मानस भवन बैकुंठपुर में नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन एवं आभार प्रकट करने हेतु एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर जिले की मातृशक्ति, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिसने कार्यक्रम को विशेष ऊँचाइयों तक पहुँचाया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर  संजय चंदन त्रिपाठी  एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े , डॉ. शालिनी शर्मा , ब्रह्माकुमारी रेखा दीदी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नविता शिवहरे , पटना नगर अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सिंह  तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं जनपद पंचायत बैकुंठपुर सभापति श्रीमती धर्मवती राजवाड़े सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सौभाग्यवती कुशरो , जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा सौंनपाकर , जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शिव कुमारी , सीडीपीओ श्रीमती अनुपमा सिंह , महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती रीता यादव , अधिवक्ता श्रीमती कामनी राजवाड़े  सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति की सक्रिय एवं उत्साही सहभागिता देखने को मिली।

इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने महिलाओं को 33% आरक्षण प्रदान करने के लिए  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए इसे समाज में समान भागीदारी और नेतृत्व के नए युग की शुरुआत बताया।

कार्यक्रम की संयोजक एवं प्रभारी श्रीमती धर्मवती राजवाड़े ने अपने  वक्तव्य में कहा कि यह अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि देश की मातृशक्ति को सशक्त बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

इस भव्य आयोजन की सफलता में कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती धर्मवती राजवाड़े , श्रीमती नविता शिवहरे एवं श्रीमती रीता यादव की विशेष भूमिका सराहनीय रही।

 यह आयोजन नारी सम्मान, अधिकार और सशक्त भागीदारी का एक जीवंत एवं प्रेरणादायक प्रतीक बनकर उभरा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ