नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कॉलरी......... चरचा थाना प्रभारी आनंद सोनी के निर्देशन में थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जूना पारा स्थित पंचायत कार्यालय भवन में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति सजग करना तथा उन्हें दैनंदिन जीवन में सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी आनंद सोनी ने उपस्थित ग्रामवासियों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के समय में अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं, जिनमें फर्जी कॉल कर खुद को बैंक अधिकारी बताना, केवाईसी अपडेट के नाम पर जानकारी मांगना, डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर पैसे वसूलना, एटीएम कार्ड बदलकर या क्लोनिंग के माध्यम से रकम निकालना, फर्जी लिंक भेजकर मोबाइल हैक करना जैसे मामले प्रमुख हैं।
उन्होंने विशेष रूप से “डिजिटल अरेस्ट” जैसे नए साइबर अपराध के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अपराधी वीडियो कॉल या फोन कॉल के माध्यम से खुद को पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं और उन्हें कानूनी कार्रवाई का भय दिखाकर पैसों की मांग करते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क करना चाहिए।
पुलिस द्वारा ग्रामवासियों को यह भी बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक खाता नंबर, एटीएम पिन, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। सोशल मीडिया पर आने वाले संदिग्ध लिंक, लॉटरी या इनाम के संदेशों से भी दूर रहने की सलाह दी गई। इसके साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर एवं ऑनलाइन शिकायत पोर्टल के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि किसी भी घटना की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराई जा सके।
सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस और आमजन के बीच संवाद स्थापित कर विश्वास बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस सदैव आम जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर है और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बेझिझक पुलिस से संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच रीता खालको, उपसरपंच चंद्र प्रकाश, पंच जगबली ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए पुलिस की इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की आवश्यकता जताई।


0 टिप्पणियाँ