ग्रामीणों की जोत भूमि में गड्ढा खोदने का विरोध, अशोक जायसवाल ने ली जानकारी


कोरिया बैकुंठपुर। जिले के बचरा पोड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़े सल्ही में ग्रामीणों की जोत भूमि पर वन विभाग द्वारा पौधारोपण के लिए गड्ढा खोदे जाने के विरोध में ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि जिस भूमि पर वर्षों से वे खेती-किसानी करते आ रहे हैं, वहां बिना सहमति के गड्ढे खोदे जा रहे हैं, जिससे उनकी फसलों और खेती कार्य प्रभावित होने की आशंका है।

ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के बीच पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल गांव पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की जोत भूमि पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने से पहले संबंधित लोगों की सहमति लेना आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं और मांगों को प्रशासन एवं संबंधित विभाग तक प्रमुखता से पहुंचाया जाएगा।

ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग द्वारा पौधारोपण के नाम पर खेतों में गड्ढे खोदे जा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में खेती कार्य प्रभावित हो सकता है। ग्रामीणों ने मांग की कि उनकी जोत भूमि को सुरक्षित रखा जाए और बिना अनुमति किसी प्रकार का कार्य न किया जाए।

अशोक जायसवाल ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की बात कही। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों की रक्षा करना आवश्यक है तथा उनकी आजीविका से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और उन्होंने एकजुट होकर अपनी भूमि एवं अधिकारों की रक्षा की बात कही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ