नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कॉलरी......बुधवार शाम लगभग 7 बजे नगर पालिका शिवपुर चरचा के वार्ड क्रमांक 4 स्थित कॉलरी के विभागीय कॉलोनी सुभाष नगर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई। कॉलरी कर्मचारी शिवराम, जो सीएचपी में कार्यरत था, ने नशे की हालत में अपने घर का दरवाजा बंद कर फांसी लगाने का प्रयास किया। घटना के दौरान घर की खिड़की खुली होने के कारण बाहर मौजूद एक रिश्तेदार की नजर अंदर पड़ी। उसने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर शिवराम को फंदे से नीचे उतारा और चर्चा पुलिस को सूचना दी सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आनंद सोनी अपने स्टाफ के साथ कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गए। उस समय शिवराम की हालत बेहद गंभीर थी, शरीर पूरी तरह ढीला पड़ चुका था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे तुरंत अस्पताल ले जाना जरूरी था, लेकिन मौके पर कोई वाहन उपलब्ध नहीं हो पा रहा था।ऐसे समय में थाना प्रभारी और उनकी टीम के घनश्याम यादव ए.एस .आई, सागर, विकास सिंह, प्रदीप श्याम ने मानवता का परिचय देते हुए बिना किसी देरी के शिवराम को अपने ही पुलिस वाहन में डालकर क्षेत्रीय चिकित्सालय चरचा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे तत्काल जीवन ज्योति अस्पताल, अंबिकापुर रेफर कर दिया।
इस पूरी घटना में चरचा पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की क्षेत्रवासियों ने जमकर सराहना की। खास बात यह रही कि कॉलोनी में कई लोगों के पास निजी वाहन होने के बावजूद कोई तत्काल मदद के लिए आगे नहीं आया, जबकि पुलिस ने बिना समय गंवाए पहल कर एक अनमोल जीवन बचाने की कोशिश की।प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवराम को शराब की लत थी और घटना वाले दिन भी वह सुबह से ही शराब के नशे में था। उसकी पत्नी और छह माह का मासूम बच्चा है। घटना के समय उसकी पत्नी बच्चे को लेकर पास में ही कहीं गई हुई थी, तभी उसने यह कदम उठा लिया।
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को संकट में डाल देता है। एक ओर जहां नशे ने शिवराम को आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर किया, वहीं दूसरी ओर पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई ने मानवता की मिसाल पेश की।समाज के लिए यह जरूरी है कि नशे जैसी बुराई से दूर रहकर परिवार और जीवन की जिम्मेदारियों को समझा जाए, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

0 टिप्पणियाँ