कोरिया बैकुंठपुर। कोरिया जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सलका में पेयजल की गंभीर समस्या सामने आई है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर नलकूप की खराब स्थिति और पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। आवेदन के अनुसार गांव के मोहल्ले में स्थित नलकूप पिछले कई महीनो से खराब पड़ा हुआ है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि नलकूप खराब होने के कारण उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं और बच्चों को इस समस्या का सबसे ज्यादा असर झेलना पड़ रहा है। कई बार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पानी की कमी के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। खाना बनाने, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक कार्यों में भी दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में करीब 20 घरों के लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं और सभी को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द खराब नलकूप की मरम्मत कराई जाए या फिर स्थायी समाधान के रूप में पाइपलाइन बिछाकर पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द राहत प्रदान करेगा, ताकि उन्हें स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सके। निश्चित तौर पर कोरिया जिले में जल जीवन मिशन आधा अधूरा है तथा विभागीय उपेक्षा एवं ठेकेदारों का चारागाह बनकर रह गया है ठेकेदारों के द्वारा गुणवत्ता विभिन्न कार्य से ग्रामीण परेशान है विभागीय उपेक्षा से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि कोरिया जिले में जल जीवन मिशन की स्थिति में सुधार होना संभव नहीं है इस दिशा में जिला प्रशासन कोरिया को ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है।


0 टिप्पणियाँ