कोरिया बैकुंठपुर । जिले में सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल द्वारा पटना में भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस आयोजन में विभिन्न समुदायों के लोगों की बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिली, जिससे आपसी एकता और सौहार्द का वातावरण और मजबूत हुआ।
इफ्तार पार्टी के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में यवत सिंह, बृजवासी तिवारी, सोहन स्वामी, प्रकाश पाण्डेय, विष्णु सिंह, विजय सिंह, दीपक खत्री, अमन देवांगन, रंजीत चाफेकर, पार्षद परेश सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस दौरान मुस्लिम समाज के वरिष्ठ जन, सदर अंजुमन कमेटी के पदाधिकारी, युवा साथी एवं बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हुए। सभी ने मिलकर रोजा इफ्तार किया और एक-दूसरे को भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अशोक जायसवाल ने कहा कि इफ्तार पार्टी केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विभिन्न समुदायों के बीच आपसी समझ बढ़ती है और समाज में सकारात्मक माहौल बनता है।
कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण रहा। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी इस तरह के आयोजन होते रहने की उम्मीद जताई। यह आयोजन जिले में सामाजिक एकता का एक सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।


0 टिप्पणियाँ