चरचा पुलिस की बड़ी कार्रवाई:...... देर रात कोयला चोरी कर रहे पिकअप वाहन सहित चालक गिरफ्तार........ नवपदस्थ थाना प्रभारी आनंद सोनी की सख्ती,...... अवैध कोयला परिवहन पर लगातार कार्रवाई........ एसईसीएल सीएचपी से कोयला चोरी कर भागने की कोशिश नाकाम...........चर्चा थाना क्षेत्र में अब तक लगभग 40 लाख रुपये के वाहन हो चुके हैं जब्त



नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

कोरिया चरचा कॉलरी........कोरिया जिले के चर्चा थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में चर्चा थाना के नवपदस्थ थाना प्रभारी आनंद सोनी एवं थाना स्टाफ ने देर रात कोयला चोरी कर परिवहन करने वाले एक पिकअप वाहन को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात एसईसीएल चर्चा माइंस सीएचपी परिसर से कुछ लोगों द्वारा कोयला निकालकर पिकअप वाहन में भरने की सूचना बैकुंठपुर क्षेत्र के विभागीय सुरक्षा कर्मी तिलक राजवाड़े तथा चर्चा थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आनंद सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई।पुलिस की गाड़ी को देखते ही पिकअप चालक राजेश कुमार राजवाड़े अपने महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक CG 16 /CQ /1685 को लेकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि भागने के दौरान वाहन सड़क किनारे बनी गहरी नाली में फंस गया, जिससे चालक भागने में सफल नहीं हो सका।इसके बाद चर्चा पुलिस ने कोयला लोड पिकअप वाहन को जब्त कर थाना लाया। एसईसीएल प्रबंधन की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश किया। जहां माननीय न्यायालय के द्वारा आरोपी ड्राइवर को जेल भेज दिया गया। 

गौरतलब है कि चर्चा कॉलरी क्षेत्र में लंबे समय से कोयला चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिन्हें कथित रूप से कुछ स्थानीय व समीप के छोटे स्तर के तथाकथित नेताओं का संरक्षण भी मिलता रहा है।हालांकि पिछले कुछ समय से चर्चा थाना पुलिस द्वारा कोयला माफियाओं के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस मुहिम के तहत अब तक लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के वाहनों को जब्त किया जा चुका है।थाना प्रभारी आनंद सोनी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि चर्चा थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध कोयला परिवहन और चोरी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।साथ ही उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ