कोरिया बैकुंठपुर / कोरिया जिला में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में विकसित भारत जी राम जी योजना (वी बी जी राम जी योजना) के तहत व्यापक जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बैकुंठपुर जनपद पंचायत अंतर्गत सागरपुर ग्राम पंचायत के नवनिर्मित बोट क्लब परिसर स्थित ओपन एम्फीथिएटर में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों, श्रमिकों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम का नेतृत्व कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने किया। उन्होंने कहा कि वी बी जी राम जी योजना ग्रामीण श्रमिकों को उनके अधिकारों के साथ आजीविका की गारंटी प्रदान कर आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त कदम है। 125 दिवसों का रोजगार मिलेगा। योजना के माध्यम से रोजगार सृजन, आर्थिक सशक्तिकरण और समग्र ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने उपस्थित ग्रामीणों को योजना के प्रमुख प्रावधानों, लाभों और क्रियान्वयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी तथा अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा वी बी जी राम जी योजना गांव और ग्रामीणों को सशक्त करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह करेगा।
फ्लैश की रोशनी में दिखी एकजुटता,
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों एवं श्रमिकों ने अपने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर 'वी बी जी राम जी योजना' के समर्थन में अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। मानव श्रृंखला बनाकर 'वी बी जी राम जी' की आकृति तैयार की गई, जो जनजागरूकता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बनी।
वंदे मातरम् की गूंज से गूंजा परिसर,
आईईसी गतिविधियों के तहत कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। देशभक्ति और उत्साह से ओतप्रोत इस वातावरण ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया।
इस अवसर पर जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी- कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी, श्रमिक उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ