कोरिया बैकुंठपुर / कोरिया जिले में जल संरक्षण हेतु अपनाया गया पांच परसेंट मॉडल पूरे देश में पहचान बना रहा है और अब इसकी शुरूआत करने वाले सोनहत में यह एक बड़े जन आंदोलन का रूप लेगा। इस माडल को सोनहत विकासखण्ड के हर गांव और हर घर तक ले जाने के लिए पंचायत राज पदाधिकारियों के नेतृत्व में अंतर विभागीय समन्वय बैठक संपन्न हुई। इसमें जनपद पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती आशा देवी सोनपाकर उपाध्यक्ष संदीप जायसवाल सहित समस्त जनपद पंचायत सदस्य शामिल हुए। जनपद पंचायत सोनहत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनोज जगत के साथ सभी विभागों के मैदानी व ब्लाक स्तरीय अधिकारी कर्मचारी भी सोनहत जनपद के सभागार में उपस्थित रहे। जल संचय के लिए कोरिया की इस उपलब्धि के क्रम को आगे बढ़ाते हुए पूरे सोनहत जनपद में आवा पानी झोंकी अंतर्गत जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की पहल आज शुरू हो गई।
’ जल संरक्षण होगा सबका नारा,
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा देवी सोनपाकर ने कहा कि सोनहत के प्रत्येक जनप्रतिनिधि को साथ लेकर पूरे 42 ग्राम पंचायतों में पांच परसेंट माडल वाला जल संरक्षण अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक ग्रामीण को इसमें जोड़कर हर किसान के खेत में पांच परसेंट माडल से जल संरक्षण पर कार्य किया जाएगा। उन्होने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर प्रत्येक घर में निकासी जल को सोखता गढ्ढे के माध्यम से भूमिगत किया जाएगा इसके लिए सभी विभाग को जिम्मेदारी लेनी होगी।
’ एक मार्च से शुरू होगा जलआंदोलन,
आगामी एक मार्च से कोरिया जिले के सोनहत जनपद पंचायत के अंतर्गत मोर पानी अभियान आरंभ होगा। इसके अंतर्गत वृहत जल संरक्षण कार्य किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर जन सहयोग हेतु चौपाल और बैठकें आयोजित कर जन जन को इसमें सहभागी बनाने का कार्य किया जाएगा। वनांचल जनपद सोनहत में जन सहयोग से जल संरक्षण हेतु संरचना निर्माण अभियान आगामी मई माह के अंत तक चलेगा।
प्रदर्शन से प्रोत्साहन,
जनपद पंचायत एक एैसा संस्थान है जहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण आते रहते हैं। इसी बात को ध्यान में रखकर जनपद पंचायत सीईओ श्री मनोज और कार्यक्रम अधिकारी प्रतीक ने जनपद कार्यालय के सामने ही पांच परसेंट माडल का निर्माण करा दिया है। इससे आने वाले समय में जन जन तक यह बात प्रभावी ढंग से जा सकेगी और आम नागरिक प्रोत्साहित होंगे।

0 टिप्पणियाँ