कोरिया बैकुंठपुर। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किसान मोर्चा के संदीप साहू ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को जनहित और विकास को समर्पित ऐतिहासिक बजट बताते हुए कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने की दिशा में ठोस और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार ने “समृद्ध किसान, सुरक्षित मजदूर, सशक्त महिला और आत्मनिर्भर युवा” के संकल्प को साकार करने के लिए प्रभावी प्रावधान किए हैं।
संदीप साहू ने बताया कि कृषि मजदूर भाइयों के कल्याण, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के लिए 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह राशि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले कृषि मजदूरों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर सरकार ने उनके जीवन स्तर में सुधार का मार्ग प्रशस्त किया है। इससे श्रमिक परिवारों को स्थिर आय और सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा।
कृषि क्षेत्र को मजबूती देने के लिए कृषि पंपों हेतु 5500 करोड़ रुपये का प्रावधान भी इस बजट की बड़ी विशेषता है। इस राशि से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, नए कृषि पंप कनेक्शन और विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ किया जाएगा। संदीप साहू ने कहा कि सिंचाई की बेहतर व्यवस्था से किसानों की उत्पादन लागत घटेगी और फसल उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी सरकार ने महतारी वंदन योजना को निरंतर मजबूती देने का निर्णय लिया है। इस योजना के माध्यम से माताओं और बहनों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। संदीप साहू ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना परिवार और समाज दोनों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। महतारी वंदन योजना महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने में प्रभावी सिद्ध हो रही है।
युवा वर्ग के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। रोजगार सृजन, कौशल विकास, स्वरोजगार योजनाओं को प्रोत्साहन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु सहायता जैसे कदम युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सार्थक प्रयास हैं। संदीप साहू ने कहा कि युवाओं को अवसर और संसाधन उपलब्ध कराकर सरकार उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अंत में संदीप साहू ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश के समग्र विकास का रोडमैप है। किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण से ही राज्य समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ेगा और यह बजट उसी दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

0 टिप्पणियाँ