कोरिया बैकुंठपुर । विगत दिवस सर्किट हाउस बैकुंठपुर में राजस्व निरीक्षक संघ कोरिया के जिला अध्यक्ष पद हेतु निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न की गई। निर्वाचन के दौरान जिले भर से आए समस्त राजस्व निरीक्षकों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से प्रकाश नारायण दुबे को जिला अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में विशेष उत्साह देखा गया।
निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। सभी उपस्थित राजस्व निरीक्षकों ने एकमत होकर श्री दुबे के नाम का समर्थन किया, जिसके बाद उन्हें औपचारिक रूप से जिला अध्यक्ष घोषित किया गया। मनोनयन के पश्चात उपस्थित सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष प्रकाश नारायण दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि वे संगठन की गरिमा और एकता को बनाए रखते हुए जिले में पदस्थ सभी राजस्व निरीक्षकगणों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि लंबित मांगों एवं प्रशासनिक समस्याओं के संबंध में उच्च अधिकारियों से शीघ्र मुलाकात कर सकारात्मक समाधान का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सभी साथियों से सहयोग और समन्वय बनाए रखने की अपील की।
श्री दुबे के जिला अध्यक्ष बनने पर संघ के सदस्यों में हर्ष का माहौल है। उपस्थित राजस्व निरीक्षकों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा कर्मचारियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सकेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया।

0 टिप्पणियाँ