कोरिया/बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में राधा-कृष्ण प्रेमाबाग मंदिर से भव्य कलश यात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। धार्मिक वातावरण में निकली यह कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष शामिल हुए, जिससे पूरा नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।
कलश यात्रा राधा-कृष्ण प्रेम बाग मंदिर से प्रारंभ होकर जनपद तिराहा, फव्वारा चौक, कुमार साहब चौक तथा ईसीसीएल तिराहा होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करती हुई पुनः मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की जयकारे लगाते चल रहे थे। सिर पर कलश धारण किए महिलाओं की लंबी कतारें आकर्षण का केंद्र रहीं
इस अवसर पर पूर्ण नगरपालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, पार्षद साधना जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को सुदृढ़ करने वाला बताया।
कलश यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा पूरे मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल की तैनाती के कारण यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू बनी रही, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी सद्भाव, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यात्रा के समापन पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।



0 टिप्पणियाँ