मोहला। विश्व वेटलैंड दिवस के अवसर पर मोहला क्षेत्र में वन विभाग के तत्वावधान में वेटलैंड मित्रों एवं स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से वेटलैंड संरक्षण, स्वच्छता एवं जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्द्रभूमियों (वेटलैंड्स) के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना तथा उनके संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर वेटलैंड क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें ग्रामीणों, युवाओं एवं वेटलैंड मित्रों ने श्रमदान कर प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट को हटाया। वन विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को वेटलैंड्स की पारिस्थितिकीय भूमिका, जल संरक्षण, जैव विविधता एवं आजीविका से उनके संबंध पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वेटलैंड्स न केवल जल स्रोतों को सुरक्षित रखते हैं, बल्कि जलवायु संतुलन और वन्यजीव संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों ने अपनी रचनात्मक कलाकृतियों के माध्यम से वेटलैंड्स संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। बच्चों की चित्रों में स्वच्छ जल, पक्षी, मछलियां और हरियाली के माध्यम से प्रकृति संरक्षण की झलक देखने को मिली। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनमें पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना और प्रबल हो सके।
इसके साथ ही वेटलैंड संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वेटलैंड मित्रों एवं सक्रिय ग्रामीणों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने वेटलैंड्स को स्वच्छ और सुरक्षित रखने की शपथ ली तथा भविष्य में भी संरक्षण गतिविधियों में निरंतर सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।
यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास का एक सराहनीय उदाहरण रहा, जिसने समाज के हर वर्ग को वेटलैंड्स के महत्व से जोड़ने का कार्य किया।



0 टिप्पणियाँ