नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कॉलरी.........नगर पालिका शिवपुर–चर्चा के वार्ड क्रमांक 1 स्थित मुक्तिधाम में पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल के निर्देश पर व्यापक स्वच्छता एवं समतलीकरण अभियान चलाया गया। पालिका कर्मियों की टीम ने मुक्तिधाम परिसर में फैली गंदगी को साफ कर अंतिम संस्कार स्थल को मिट्टी डालकर समतल किया, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुक्तिधाम के बगल में कुछ लोग नाले के समीप भी दाह संस्कार कर देते थे, जिससे आसपास गंदगी फैल जाती थी। इस स्थिति को देखते हुए उस क्षेत्र की भी विशेष सफाई कर समुचित समतलीकरण कराया गया। मुक्तिधाम की कंक्रीट छत एवं अन्य संरचनाओं की भी पूरी साफ-सफाई की गई, जिससे परिसर स्वच्छ एवं व्यवस्थित नजर आने लगा है।पालिका अध्यक्ष ने निरीक्षण के दौरान कहा कि मुक्तिधाम जैसे संवेदनशील स्थल को भी असामाजिक तत्व नहीं छोड़ते। यहां बने कमरे के दरवाजे और खिड़कियां चोरी हो जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शीघ्र ही पुनः दरवाजे लगवाए जाएंगे तथा दाह संस्कार के दौरान गरीब परिवारों के लिए निशुल्क लकड़ियों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी परिवार को कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने आगे बताया कि मुक्तिधाम के समग्र विकास के लिए राज्य शासन को लगभग 40 लाख रुपये के कार्यों का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होते ही मुक्तिधाम का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और शोकाकुल परिजनों को एक स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सम्मानजनक वातावरण में अपने प्रियजनों को अंतिम विदाई देने की सुविधा मिल सकेगी।
सफाई एवं निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा, सब इंजीनियर आलोक चक्रधारी, पार्षद प्रदीप तिवारी, धर्मपाल एवं राजेंद्र पाल सहित पालिका अमला उपस्थित रहा और कार्यों का मार्गदर्शन करता रहा।जनहित को सर्वोपरि मानते हुए अध्यक्ष अरुण जायसवाल की यह पहल न केवल स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि उनकी सोच सदैव नगर के विकास और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को गति देने की रही है। नगरवासियों ने इस जनोपयोगी कार्य के लिए अध्यक्ष एवं पालिका प्रशासन की सराहना की है।



0 टिप्पणियाँ