कोरिया बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में कला, संस्कृति और लोक परंपराओं का भव्य संगम ‘कोरिया महोत्सव’ 17, 18 एवं 19 फरवरी 2026 को आयोजित किया गया है। तीन दिवसीय यह आयोजन रामानुज मिनी स्टेडियम, बैकुंठपुर, जिला–कोरिया (छत्तीसगढ़) में सम्पन्न हो रहा है। महोत्सव का आयोजन जिला प्रशासन–कोरिया (छ.ग.) द्वारा किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे।
महोत्सव के तीसरे दिन 19 फरवरी 2026 को विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक श्रृंखला दर्शकों को देखने को मिलेगी। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5:00 बजे लोक कला अंतर्गत कर्मा नृत्य से होगी, जिसकी प्रस्तुति जय जगदम्बा कर्मा दल, सारा द्वारा दी जाएगी। इसके बाद 5:10 से 5:30 बजे तक सुगम संगीत के अंतर्गत बालगीत मिक्स की प्रस्तुति सियाटोश म्यूजिकल ग्रुप, बैकुंठपुर द्वारा दी जाएगी।
शाम 5:30 से 5:45 बजे तक शास्त्रीय कला के तहत कथक नृत्य की प्रस्तुति सुश्री ईशिका गिरी, रायपुर द्वारा दी जाएगी। 5:45 से 6:00 बजे तक नृत्य नाटिका का मंचन नृत्यतारा डांस एकेडमी, बिलासपुर द्वारा किया जाएगा। शाम 6:00 से 7:00 बजे तक शास्त्रीय वाद्य संगीत के अंतर्गत डॉ. राकेश कुमार, बनारस द्वारा बांसुरी वादन प्रस्तुत किया जाएगा।
लोक कला की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 7:00 से 8:00 बजे तक पंडवानी गायन की प्रस्तुति सुश्री दुर्गा साहू एवं दल, निमना द्वारा दी जाएगी। वहीं रात्रि 8:00 से 10:00 बजे तक प्रसिद्ध गायक नरेंद्र पाल सिंह, बिलासपुर द्वारा सूफी गायन से समापन होगा।
‘कोरिया महोत्सव’ कला प्रेमियों के लिए एक विशेष अवसर है, जहां लोक और शास्त्रीय परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

0 टिप्पणियाँ