कोरिया बैकुंठपुर। बैकुंठपुर में 17 फरवरी 2026 को आयोजित विशेष कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक यातायात व्यवस्था एवं पार्किंग योजना लागू की गई है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न मार्गों पर पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं तथा वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं।
प्रशासन द्वारा जारी निर्देशानुसार पटना एवं कुड़ेेली की ओर से आने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों की पार्किंग व्यवस्था प्रेमाबाग में की गई है। वहीं बचरा पोड़ी की दिशा से आने वाले वाहनों को बाजार के पास स्थित पुराने ताजिया मैदान में पार्क किया जाएगा। खड़गवां की ओर से आने वाले वाहनों के लिए धोरा टिकरा मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है।
सोनहत और चरचा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए सेंट पीटर स्कूल एवं उसके समीप स्थित मैदान में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसी प्रकार पीजी कॉलेज मैदान को भी सोनहत-चरचा मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए आरक्षित किया गया है। बैकुंठपुर टाउन हाउस कैफे के सामने VIP पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।
यातायात को सुचारू बनाए रखने हेतु कुछ मार्गों पर डायवर्जन भी किया गया है। ओडगी नाका से भांडी की ओर जाने वाले छोटे वाहनों को रियाज फर्नीचर के पास से खुटनपारा रोड की ओर मोड़ा जाएगा। वहीं भांडी, कुड़ेेली एवं बस स्टैंड की ओर से ओडगी नाका जाने वाले वाहनों को महलपारा रोड से होकर धोरा टिकरा होते हुए रियाज फर्नीचर मार्ग से निकाला जाएगा।
मनेंद्रगढ़ और सोनहत की दिशा से बैकुंठपुर आने वाली बसें खरवत चौक से जमगहना तिराहा होते हुए भांडी के रास्ते बस स्टैंड पहुंचेंगी और वापसी भी इसी मार्ग से होगी। खड़गवां रोड से आने वाली बसों और ट्रकों को सलका पॉलिटेक्निक कॉलेज मार्ग से फुलपुर, चरचा, खरवत चौक, जमगहना होते हुए बस स्टैंड भेजा जाएगा। बचरा पोड़ी की ओर से आने वाली बसें एवं ट्रक भरसवार, आमापारा, कंचनपुर होते हुए बस स्टैंड पहुंचेंगे।
कलेक्टरेट एवं जिला पंचायत के समस्त अधिकारी-कर्मचारी अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन आत्मानंद स्कूल खरवत ग्राउंड में खड़े करेंगे। सभी VIP मंत्रीगण, सचिव, विधायक एवं सांसद के वाहन गेट क्रमांक 01 से मिलिट कैफे के बगल से जिला पंचायत परिसर में प्रवेश करेंगे। सुरक्षा श्रेणी प्राप्त VIP के फॉलो एवं पायलट वाहन आत्मानंद स्कूल खरवत ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे।
कार्यक्रम स्थल रामानुज हाई स्कूल ग्राउंड के भीतर केवल माननीय मुख्यमंत्री एवं मंत्रिमंडल के वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे। अन्य VIP वाहनों एवं फॉलो-पायलट वाहनों की पार्किंग ग्राउंड के बाहर निर्धारित VIP पार्किंग में होगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

0 टिप्पणियाँ