कोरिया बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय चिरमिरी से सड़क मार्ग होते हुए बैकुंठपुर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम एवं श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित रहे।
बैकुंठपुर पहुंचने पर सर्किट हाउस परिसर में मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे सहित जिले के अन्य प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या मौजूद रही, जिससे वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा।
मुख्यमंत्री के स्वागत में पारंपरिक लोकसंस्कृति की भी झलक देखने को मिली। कर्मा नृत्य दल ने पारंपरिक वेशभूषा में जोशीला प्रस्तुतीकरण देकर अतिथियों का मन मोह लिया। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज से सर्किट हाउस परिसर उत्सव स्थल में तब्दील हो गया। मुख्यमंत्री ने कलाकारों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनकी प्रस्तुति की सराहना की।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्रीय विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से क्षेत्र में विकास योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


0 टिप्पणियाँ