10 दिनों में पीएम किसान एग्रीस्टेक पंजीयन पूर्ण करने का लक्ष्य, पीएम किसान एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा बैठक


कोरिया बैकुंठपुर / प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत एग्रीस्टेक पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में बैठक का आयोजन किया गया। 

कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के समस्त ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों, पटवारियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों का उन्मुखीकरण किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत जिले में कुल 33,447 कृषकों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर सक्रिय पंजीयन किया जाना है। इनमें से अब तक 23,274 किसानों का पंजीयन पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष कृषकों का पंजीयन कार्य पूर्ण किया जाना है।

बैठक में एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा पंजीयन के दौरान आने वाली समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए अपर कलेक्टर सुरेंद्र वैद्य ने कहा कि एग्रीस्टेक पंजीयन किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी कार्ययोजना बनाकर कार्य प्रारंभ करें तथा अपने-अपने क्षेत्रों में ग्रामीणों से समन्वय बनाए रखें, ताकि पंजीयन कार्य में किसी प्रकार की समस्या न आए। अपर कलेक्टर ने सभी को 10 दिवस के अंदर पंजीयन कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया 

बैठक में अपर कलेक्टर  डीडी मंडावी, संयुक्त कलेक्टर अमित कुमार गुप्ता, सहायक संचालक कृषि विभाग, जिले के समस्त ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, क्षेत्रीय पटवारी एवं ग्राम पंचायत सचिव एवं अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ