शिवपुर-चरचा निकाय चुनाव: ....अध्यक्ष पद हेतु पूर्व एल्डरमैन नीता मिश्रा ने कांग्रेस पर्यवेक्षक व जिला पदाधिकारी के समक्ष आवेदन सौंपकर रखा अपना दावा,.... 55 वर्षों की श्रमिक पृष्ठभूमि और लंबे जनसंपर्क को बनाया आधार...... सामान्य महिला हेतु आरक्षित है नगर पालिका शिवपुर चरचा का अध्यक्ष पद......



नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

कोरिया चरचा कालरी......9 दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा के निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी की चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के महामंत्री श्री प्रशांत मिश्रा को शिवपुर-चरचा निकाय चुनाव के लिए पार्टी का पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाने के बाद उन्होंने स्थानीय साकेत सदन भवन में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं संभावित दावेदारों की बैठक ली। बैठक के दौरान अध्यक्ष पद के लिए दावेदारों से आवेदन भी प्राप्त किए गए।इसी क्रम में श्रीमती नीता पंकज मिश्रा, पूर्व एल्डरमैन, नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा ने पर्यवेक्षक प्रशांत मिश्रा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता वह प्रदेश कर समिति सदस्य योगेश शुक्ला के समक्ष अध्यक्ष पद हेतु अपनी दावेदारी प्रस्तुत करते हुए विस्तृत आवेदन सौंपा।

अपने आवेदन में श्रीमती नीता पंकज मिश्रा ने उल्लेख किया है कि वे एम.ए. तक शिक्षित हैं तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सक्रिय सदस्य के रूप में लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों एवं जनसेवा से जुड़ी हुई हैं। पूर्व एल्डरमैन के रूप में उन्होंने नगर पालिका की कार्यप्रणाली, स्थानीय समस्याओं और आम नागरिकों की अपेक्षाओं को करीब से समझने का अनुभव प्राप्त किया है।उन्होंने अपने आवेदन में कहा है कि उनका उद्देश्य केवल राजनीतिक पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा एवं संगठन के मार्गदर्शन में नगर की जनता की सेवा करना है।

श्रीमती नीता पंकज मिश्रा ने अपनी दावेदारी के प्रमुख आधार के रूप में अपने परिवार की लगभग 55 वर्षों की सामाजिक एवं श्रमिक पृष्ठभूमि का उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से चरचा कालरी के श्रमिकों, उनके परिवारों एवं स्थानीय नागरिकों के बीच सामाजिक और श्रमिक हितों से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहा है।इस दीर्घकालीन सामाजिक जुड़ाव के कारण क्षेत्र के श्रमिक परिवारों, महिलाओं एवं आम नागरिकों के साथ उनके परिवार का आत्मीय संबंध और जनसंपर्क रहा है।

आवेदन में उन्होंने अपने पति श्री पंकज मिश्रा की श्रमिक एवं राजनीतिक-संगठनात्मक भूमिका का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार श्री पंकज मिश्रा स्वयं कालरी कर्मचारी हैं तथा लगभग 20 वर्षों से इंटक यूनियन में क्षेत्रीय महामंत्री, जेसीबी सदस्य एवं क्षेत्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष एटक यूनियन जैसे विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए श्रमिक हितों के लिए कार्य करते रहे हैं।आवेदन के अनुसार वे पूर्व में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता भी रहे हैं तथा वर्तमान में जिला संयुक्त महामंत्री के रूप में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

     


श्रीमती नीता मिश्रा ने अपने आवेदन में अपने ससुर स्वर्गीय चंद्रशेखर मिश्रा का भी उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि उनके ससुर कालरी कर्मचारी होने के साथ-साथ ट्रेड यूनियन से भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे। इस प्रकार उनके परिवार की कई दशकों से कालरी क्षेत्र के श्रमिकों के बीच सामाजिक एवं श्रमिक गतिविधियों में भागीदारी रही है।

      आवेदन का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष नगर पालिका अध्यक्ष पद के आरक्षण से जुड़ा है। श्रीमती नीता पंकज मिश्रा ने उल्लेख किया है कि लगभग 25 वर्षों के पश्चात पहली बार नगर पालिका शिवपुर-चरचा के अध्यक्ष पद को सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।

उन्होंने संगठन से आग्रह किया है कि इस अवसर पर सामान्य वर्ग की योग्य एवं सक्रिय महिला कार्यकर्ता को प्रतिनिधित्व दिया जाए। उनके अनुसार लंबे समय से सामान्य वर्ग को इस पद पर अवसर नहीं मिल पाने के कारण इस बार सामान्य वर्ग को अवसर मिलने से समाज के इस वर्ग में सकारात्मक संदेश जाएगा।आवेदन में श्रीमती नीता मिश्रा ने यह भी उल्लेख किया है कि सामान्य वर्ग की महिला को अध्यक्ष पद के लिए अवसर मिलने से सामान्य वर्ग के लोगों में कांग्रेस के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा तथा संगठन के साथ उनका जुड़ाव और मजबूत हो सकता है। इससे पार्टी के जनाधार एवं संगठनात्मक मजबूती को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

श्रीमती नीता पंकज मिश्रा ने अपने आवेदन में कहा है कि उनका उद्देश्य केवल अध्यक्ष पद प्राप्त करना नहीं है। वे कांग्रेस पार्टी की विचारधारा एवं संगठन के मार्गदर्शन में नगर पालिका क्षेत्र को विकास, सुशासन, पारदर्शिता एवं जनविश्वास की दिशा में आगे ले जाने के लिए कार्य करना चाहती हैं।

उन्होंने अपने अनुभव, जनसंपर्क और सामाजिक पृष्ठभूमि के आधार पर संगठन द्वारा सौंपे जाने वाले दायित्व को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निभाने का भरोसा भी व्यक्त किया है।

संगठन के समक्ष रखा दावा.....

श्रीमती नीता पंकज मिश्रा ने पर्यवेक्षक प्रशांत मिश्रा से आग्रह किया है कि उनकी शैक्षणिक योग्यता, पूर्व एल्डरमैन का अनुभव, कांग्रेस पार्टी के प्रति निष्ठा, लगभग 55 वर्षों की पारिवारिक श्रमिक पृष्ठभूमि, लंबे समय से क्षेत्र में स्थापित जनसंपर्क तथा सामान्य वर्ग को कांग्रेस संगठन से जोड़ने की संभावनाओंको ध्यान में रखते हुए उन्हें नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा के अध्यक्ष पद हेतु कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी बनाए जाने पर विचार किया जाए।

साकेत सदन में चुनाव पर्यवेक्षक प्रशांत मिश्रा के समक्ष नीता पंकज मिश्रा द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए जाने के बाद कांग्रेस के भीतर अध्यक्ष पद की दावेदारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। महिला आरक्षण के बीच सामान्य वर्ग से दावेदारी सामने आने के कारण अब स्थानीय कांग्रेस संगठन के आगामी निर्णय पर राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ